प्रतिनिधि,रामगढ़। रामगढ़ जिला अंतर्गत दुलमी प्रखंड के सभाकक्ष में शुक्रवार को पिरामल फाउंडेशन व नीति आयोग द्वारा स्वास्थ्य और पोषण विषय पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। मौके पर लोगों को स्वास्थ्य और पोषण के विभिन्न सूचकांकों को मद्देनजर रखते हुए गंभीर रूप से कुपोषित और अल्प रूप कुपोषित बच्चों के उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
मेडिकल ऑफिसर शाहीन कौसर द्वारा उपस्थित सभी को जानकारी दी गई कि कुपोषित बच्चे की पहचान करने में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।वहीं एमटीसी न्यूट्रिशन काउंसिलर कंचन कुमारी के द्वारा सभी को कुपोषण के चक्र के सभी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई और बच्चों को एमटीसी सेंटर तक पहुंचाने में उपस्थित सभी की जिम्मेदारी पर ध्यान आकृष्ट किया गया।
मिथुन कुमार के द्वारा शिविर के दौरान कहा गया कि बच्चे के जन्म के 1000 दिन काफी महत्वपूर्ण है। इस संबंध में उनके द्वारा विस्तार से सभी को जानकारी दी गई।वहीं गांधी फेलो एकता कुमारी के द्वारा सभी को बताया गया कि कुपोषण होने से पहले ही माता और बच्चे के खानपान पर अगर अच्छी तरह से ध्यान दिया जाए एवं आवश्यक परामर्श दिया जाए तो बच्चे को कुपोषण से बचाया जा सकता है।
मौके पर मेडिकल ऑफिसर शाहीन कौशर, बीटीटी मंजू देवी, महिला सुपरवाइजर ज्योति कुमारी एवं वहीदा रहमान, एमटीसी न्यूट्रिशन काउंसलर कंचन कुमारी, आंगनवाड़ी सेविका, सहिया, एएनएम, पिरामल फाउंडेशन से प्रवीण कुमार, मिथुन भंडारी, एकता कुमारी, श्रेया, ऋषिकेश आदि उपस्थित थे।





