जमशेदपुर।गुरूवार को सुबह बागबेड़ा थाना क्षेत्र में ट्रैफिक कॉलोनी में अंधाधुंध फायरिंग हुई।फायरिंग में बजरंग दल बागबेड़ा मंडल नगर अध्यक्ष 30 वर्षीय बबलू कुमार सिंह घायल हो गया। बबलू के पैर, पेट और पीठ में चार गोलियां लगी हैं औ सिर पर कटारी से वार किया गया। बबलू को गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती कराया गया है।फायरिंग में एक आरोपी लेधा भी गोली लगने से घायल हुआ है। उसका एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी सुभाष चंद्र जाट सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।फायरिंग वाली जगह को सील कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मौके से जिंदा चार गोलियां और चार खोखे मिले हैं। हमले का एक आरोपी लेधा का कहना है कि उस पर बबलू सिंह ने गोली चलाई, जो उसके हाथ और पैर में लगी है। वह बर्मामाइंस के सारू के साथ जा रहा था कि बबलू ने उस पर फायरिंग कर दी, तब तक सारू ने बबलू के हाथ में झपट्टा मारा। इसी छीना झपटी में चली गोली में बबलू घायल हुआ है। लेधा के अनुसार गोली लगने के बाद वह किसी तरह बिष्टूपुर पहुंचा, जहां से वह परिजनों के साथ एमजीएम अस्पताल में आकर भर्ती हुआ। लेकिन, पुलिस यह मान रही है कि बबलू को गोली मारने के बाद खुद ही घायल होकर वह अस्पताल पहुंचा है। पुलिस इस घटना को गांजा तस्करी के विवाद के नजरिए से देख रही है। सूत्रों का कहना है कि बबलू सिंह का भी गांजा का काम है और पहले वह रंजीत-संजीत से ही गांजा लेकर बेचता था। कुछ दिनों से रंजीत से उसने गांजा लेना बंद कर दिया था और दूसरे के संपर्क में आ गया था। इस पर रंजीत-संजीत द्वारा उसे धमकी दी जाती थी कि वह माल उसी से ले या फिर किसी से नहीं ले। सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि पुलिस को कई सुराग हाथ लगे हैं, लेकिन स्पष्ट रूप से कारण क्या है यह कहना थोड़ी जल्दबाजी होगी। इतना है कि मामला पहले से ही इनके बीच चल रहा था और उसी में गोली चली है। पुलिस प्रोफेशनल तरीके से मामले की जांच कर रही है। घायल लेधा भी पुलिस हिरासत में है।