हरमु नई बस्ती में मनोकामना हनुमान मंदिर सुरक्षित नहीं,परिसर में लगाए गए पौधे और उसके घेरा को असामाजिक तत्वों ने किया नष्ट





पूर्व में भी महावीरी झंडा और सरना झंडा उखाड़ फेंक दिया गया था,स्थानीय निवासियों में आक्रोश,पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त की मांग





वरीय संवाददाता,रांची। हरमू नई बस्ती (न्यू एजी कॉलोनी के निकट) स्थित मनोकामना हनुमान मंदिर परिसर में वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधौं व गैबियन (घेरा) को भी असामाजिक तत्वों द्वारा उखाड़ फेंक दिया गया।





इस संबंध में मंदिर के पुजारी ने बताया कि आए दिन इस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जाता है। वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण सहित मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से पौधे लगाए गए थे, जिसे उखाड़ कर असामाजिक तत्वों ने फेंक दिया। साथ ही पौधों को सुरक्षित रखने के लिए लगाए गए घेरे को भी गायब कर दिया।





मंदिर के पुजारी ने बताया कि विगत दिनों मंदिर परिसर में श्री हनुमान जी का ध्वज और सरना झंडा उखाड़ कर, फाड़ कर फेंक दिया गया था। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में सूचना दी गई है।





स्थानीय निवासियों व श्रद्धालुओं ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन से इस क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त लगाने की मांग की है। कई निवासियों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा एक समुदाय विशेष की भावनाओं को भड़काने की मंशा से इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इस पर समय रहते पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करने की जरूरत है।