वरीय संवाददाता,रांची।श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा जन्माष्टमी उत्सव की तैयारी जोर शोर से चल रही है।खाटू धाम एवं हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव सात सितम्बर को धूमधाम से मनाया जायेगा।
मंडल के अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने बताया कि संपूर्ण मंदिर परिसर की साफ सफाई का कार्य कर लिया गया है। मंदिर परिसर को भव्यता से सजाया जा रहा है।कोलकाता के 40 कारीगरों की टीम बिमल पात्रा के दिशा निर्देश में मंदिर परिसर को सजाने का कार्य कर रही हैं। दस हजार से ज्यादा विशिष्ट डच गुलाब की लाल और पीले सुगंधित फूलों की मोटी-मोटी मालाओं से खाटू नरेश सहित सभी देवी देवताओं को सजाया जाएगा।जन्माष्टमी के अवसर पर पहली बार पूरे मंदिर परिसर में विराजमान देवी देवताओं एवं खाटू नरेश को डच गुलाब का श्रृंगार किया जाएगा। इसके पहले खाटू नरेश का महास्नान अनुष्ठान वैदिक रीति रिवाज के अनुसार मंदिर के आचार्य द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक सह मंडल के मंत्री गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि जन्माष्टमी का प्रसाद केसरिया पेडा बादाम की बर्फी धनिया की पंजरी आदि का प्रसाद मंदिर में ही निर्मित किया जाएगा। मंदिर के गर्भगृहों के बाहर सुगंधित जूही टेसू फूलों से सजावट की जाएगी।लड्डू गोपाल जी के झूले को बहुत ही सुन्दर रूप से सजाया जा रहा है,जिससे देख भक्त भाव विभोर हो जायेंगे। भक्त अपने कान्हा को झूले में देख कर ख़ुद को रोक नहीं पायेंगे।लाल और पीले बैलून से पूरा मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि इस बार बाल रूप में सज धज कर आने वाले राधा कृष्ण को खाटू नरेश का विशेष प्रसाद भी उपहार स्वरूप दिया जाएगा।गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि इस अवसर पर रात्रि 8:00 बजे से संगीतमय भजनों का कार्यक्रम होगा। मोहिनी केडिया भजन माला प्रस्तुत करने के लिए गुरुवार को प्रातः रांची आ रही हैं। मंडल के सदस्यों एवं स्थानीय प्रसिद्ध भजन गायको द्वारा भी भजनों का गायन किया जाएगा । रात्रि जन्मोत्सव आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।





