धनबाद।हरियाणा के कुरुक्षेत्र में डाबर कंपनी के गोदाम से भारी मात्रा में च्यवनप्राश, हाजमोला और अन्य सामाग्री लोड करके एक ट्रक गुवाहाटी के लिए निकला हुआ था।ड्राइवर ने धनबाद में च्यवनप्राश सहित सारा माल बेचकर ठिकाने लगा दिया। ट्रक बीच रास्ते से गायब होने पर कंपनी के अधिकारियों ने मामले की सूचना हरियाणा पुलिस को दी।एफआईआर दर्ज करने के बाद हरियाणा पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।जांच के दौरान ड्राइवर की कॉल डिटेल्स के आधार पर हरियाणा पुलिस धनबाद पहुंची। कतरास थाना पुलिस के सहयोग से हरियाणा पुलिस ने श्यामडीह स्थित गोपालपुर बस्ती के सफीक उर्फ गुड्डू के आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चोरी हुआ कंपनी का माल पुलिस ने बरामद कर लिया है। हरियाणा कुरुक्षेत्र थाना पुलिस अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि ट्रक में फर्जी नंबर लगाकर डाबर के गोदाम से गुवाहाटी जाने लिए सामग्री लोड की गई थी। लेकिन गुवाहाटी न ले जाकर ड्राइवर ने सभी उत्पाद यहां बेच दिया। च्यवनप्राश, हाजमोला समेत अन्य उत्पादों की पेटियां यहां से बरामद की गई है। ट्रांसपोर्ट के माध्यम से गाड़ी लोड की गई थी।हालांकि, हरियाणा के पुलिस अधिकारी ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी होने की बात से इनकार किया है।उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी भी जारी है। चोरी की वारदात में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।





