गाजियाबाद।उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के हिंडन वायुसेना हवाई अड्डे की सुरक्षा में बड़ी सेंधमारी हुई है।एयरबेस की बाउंड्री के पास 4 फीट गहरी सुरंग खोदी गई है।स्थानीय लोगों ने बाउंड्री के पास गहरे गड्ढे की जानकारी पुलिस को दी।जानकारी होने के बाद एयरफोर्स के अधिकारियों ने टीला मोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।बता दें कि साहिबाबाद इलाके के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में इकबाल कॉलोनी के पीछे हिंडन एयरबेस की लगभग 8 फीट ऊंची आरसीसी की दीवार के जड़ में एक गड्ढा खोदकर सुरंग बनाने की कोशिश की गई है।





एयरफोर्स अधिकारियों ने की जांच-पड़ताल





सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी मौके का वीडियो और फोटो अपलोड कर पुलिस और एयरफोर्स को टैग करते हुए मामले की शिकायत की गई। एक्स पर सुरंग खोदने का आरोप अज्ञात लोगों पर लगाया गया।जैसे ही सोशल मीडिया के माध्यम से एयरपोर्ट और एयरफोर्स के अधिकारियों को मामले का पता चला, उसके बाद एयरफोर्स के अधिकारियों ने अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी।अन्य जांच एजेंसियां भी इसकी जांच कर रही हैं।





जहां पर गड्ढा खोदा गया, वहां की गई थर्मल स्कैनिंग





जांच-पड़ताल करने के बाद पाया गया, जिस जगह गड्ढा खोदकर सुरंग खोदने का प्रयास किया गया, वह एरिया सीसीटीवी की रेंज में नहीं आता।मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने थर्मल स्कैनिंग करने का भी प्रयास किया, लेकिन थर्मल स्कैनिंग नहीं हो पाई।ऐसे में यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा होने की ओर इशारा कर रही है या फिर यह किसी ने शरारत की है।इसका पता तो जांच के बाद ही पता चलेगा।





एयरफोर्स अधिकारियों ने थाने में दर्ज कराया मामला





एयरफोर्स के अधिकारियों ने अपनी जांच-पड़ताल के बाद स्थानीय पुलिस स्टेशन टीला मोड़ में मामले की शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।डीसीपी शुभम पटेल का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है।आसपास के और सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है, जिसने भी इस कृत्य को किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।