लखनऊ।आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा दिए गये एक बयान पर कि हिंदू और मुसलमान दोनों का डीएनए एक है।इस पर सियासी घमासान मच गया है। बहुजन समाजवादी पार्टी की मुखिया मायावती ने हमला बोलते हुए कहा कि मोहन भागवत का बयान 'मुंह में राम बगल में छूरी' जैसा है। संघ और भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। भाजपा सरकार आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रही है और चुनावी लाभ लेने के लिए धर्मांतरण को मुद्दा बना रही है। अगर ऐसा कहीं कुछ है तो आरोपियों को सजा दी जानी चाहिए पूरे मुस्लिम समुदाय को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।बीएसपी सुप्रीमों लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहीं थी। बीएसपी सुप्रीमों ने कहा कि संघ प्रमुख के कल एक कार्यक्रम में भारत में सभी धर्मों के लोगों का डीएनए एक होने की बात किसी के भी गले के नीचे आसानी से नहीं उतरने वाली है।संघ और भाजपा एंड कंपनी के लोगों तथा इनकी सरकारों की कथनी व करनी में अंतर सभी देख रहे हैं। बीएसपी सुप्रीमों ने कहा कि केंद्र और यूपी सहित देश के जिन राज्यों में भाजपा की सरकार चल रही हैं, वे भारतीय संविधान की सही मानवतावादी मंशा के मुताबिक चलने की बजाए ज्यादातर संघ के संकीर्ण एजेंडे पर चल रही हैं,ये आम चर्चा है। बीएसपी सुप्रीमों ने कहा कि संघ के सहयोग और समर्थन के बिना भाजपा का अस्तित्व कुछ भी नहीं है फिर भी संघ अपनी कही गई बातों को भाजपा और इनकी सरकारों से लागू क्यों नहीं करवा पा रही है। बीएसपी सुप्रीमों ने कहा कि यूपी में आज अफरा-तफरी का माहौल है। बसपा हमेशा से ही भाजपा व संघ की नीतियों का विरोध करती रही है।भाजपा की सरकारें संघ के एजेंडे पर काम कर रही हैं।