प्रतिनिधि,धनबाद। हिट एंड रन कानून के खिलाफ ड्राइवरों की अखिल भारतीय आंदोलन का असर धनबाद के साथ - साथ पूरे कोयलांचल में भी देखने को मिल रहा है। आंदोलन के दूसरे दिन जिटी रोड धनबाद से गोविंदपुर, धनबाद से कतरास, धनबाद से निरसा तक चारों ओर ट्रकों का जमावड़ा लगा है। इसके अलावा तोपचांची और राजगंज में भी सड़क जाम देखने को मिल रही है। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है,जिन्हें कोलकाता से गिरिडीह, हजारीबाग अथवा अन्य जिलों में जाना था। वह गोविंदपुर में जगह-जगह फंसे हुए हैं।
जीटी रोड पर वाहनों की लम्बी कतार में प्रतिदिन उपयोग में आने वाली मौलिक समानों के साथ अतिआवश्यक दवाइयां आदि भी होने की पूरी संभावना है। कई वाहनों में आवश्यक वस्तु, खाने पीने की चीजें,गैस सिलेंडर आदि भी लोड हो सकती है, जो समय पर नहीं पहुंचने पर खराब हो सकती है एवं आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना आम लोगों को करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि जीटी रोड पर लंबी दूरी की माल वाहक गाड़ियां चलती है। साथ ही साथ सवारी गाड़ियां भी सरपट दौड़ती है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के साथ-साथ आम लोगों को नए साल के पहले दिन से ही भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि सरकार इस पर कब संज्ञान लेती है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और जिले के साथ कोयलाँचल में फिर से माहौल सामान्य हो पाए।





