प्रतिनिधि,साहिबगंज। उपायुक्त राम निवास यादव ने बताया है कि राजकीय माघी पूर्णिमा मेला की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। माघी मेला की तैयारियों पर बिंदुवार चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि राजकीय माघी पूर्णिमा मेला का आयोजन 3 फरवरी से 11 फरवरी तक राजमहल स्थित गंगा घाट पर होगा, जहां आस्था अनुरूप विभिन्न जगहों से श्रद्धालु गण गंगा स्नान को आते हैं एवं विधिवत पूजा - अर्चना संपन्न करते हैं। आगे उहोंने बताया कि माघी पूर्णिमा मेले के दौरान लाखों भक्तगण यहां गंगा स्नान करने आते हैं एवं इस क्रम में वे यहां ठहरते भी हैं।
उन्होंने बताया कि 05 फरवरी को माघी पूर्णिमा मेला का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 07 फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही मेला का समापन होगा, जबकि पूजा-अर्चना एवं मेला 11 फरवरी तक जारी रहेगा।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने घाट पर रंग - रोगन की स्थिति, लाइट, टेंट, पंडाल, शामियाना, पोस्टर - बैनर आदि के बारे में बताया कि रंग - रोगन का कार्य घाट पर पूर्ण हो चुका है, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 100 अस्थाई शौचालय का निर्माण किया गया है, जबकि भक्तजनों के लिए कपड़े आदि बदलने के लिए भी अस्थाई व्यवस्था की गई है, जबकि जगह - जगह पर बैरिकेडिंग भी किया गया है।
इस क्रम में उपायुक्त ने कहा कि यह राजकीय माघी पूर्णिमा मेला जिला प्रशासन के लिए बेहद गौरव का विषय है, जिसमें सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ ढंग से सुनिश्चित किया गया है एवं सभी से समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को हर सुविधा एवं मदद मुहैया कराई जाएगी।
इस क्रम में उपायुक्त के अलावा पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बरदियार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट विशाल पांडे, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, राजमहल नगर पंचायत के अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष पार्थो दत्ता ,प्रो. रंजीत सिंह, संदीप कुमार एवं अन्य उपस्थित थे।





