प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते 2 फरवरी की रात्रि 10 बजे उलीडीह थाना अंतर्गत मानगो एनएच-33 उमा हॉस्पिटल के बगल में स्थित भारत फाइनेंस इंक्लूसिव लिमिटेड कार्यालय में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने 12 लाख 83 हजार 595 रुपए, टेबलेट और कर्मचारियों से मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था।घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच भी की।कर्मचारियों के बयान पर 1 दिन बाद चार फरवरी को पुलिस ने थाने में एक मामला भी दर्ज किया।





इस पूरे मामले अनुसंधान एसपी सिटी के. विजय शंकर के नेतृत्व में चल रहा था। घटना के बाद उन्होंने पटमदा डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया।टीम ने सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सेल और सूत्रों की मदद से घटना को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को धर दबोचा।इनमें गुमला घाघरा पुटो निवासी नसीम अहमद, गुमला सिसई भुरसो बानपुर निवासी संजय चीक बड़ाईक और जामताड़ा करमाटांड़ पात्रोडीह बिराजपुर के रहने वाला जुमारूद्दीन अंसारी शामिल है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने नगद 16100 रुपए, 4 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलेनो कार संख्या जेएच 01 ईएन - 0501 को भी बरामद किया है।नसीम अहमद और जुमारूद्दीन अंसारी का पूर्व अपराधिक इतिहास भी रहा है।उक्त जानकारी रविवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी के. विजय शंकर ने पत्रकारों को दी।मौके पर पटमदा डीएसपी सुमित कुमार भी मौजूद थे।





वार्ता के दौरान एसपी सिटी ने बताया कि जामताड़ा और गुमला के गिरोह के 7 सदस्यों ने घटना को अंजाम दिया है। गिरोह के सभी सदस्य शहर में अस्थाई रूप से रहते थे। वहीं घटना को अंजाम देने वाले सरगना समेत चार आरोपी अब भी फरार है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वार्ता में उलीडीह थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।