प्रतिनिधि चतरा। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के बनियाबांध गांव में छापामारी कर नशा कारोबारियों के यहां से 218 किलोग्राम अफीम डोडा व 4 किलो 600 ग्राम अफीम बरामद किया है।
इस आशय की जानकारी देते हुए चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि बनियाबांध के मुंशी यादव, पुनाई यादव एवं बृक्ष यादव खेती कर अपने घर मे काफी मात्रा में डोडा एवं अफीम रखे हुए है तथा जल्द ही इसे बेचने के फिराक में है। उन्होंने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार छापामारी दल का गठन किया गया और छापामारी अभियान चलाया गया। उक्त तीनो व्यक्तियों के घर से भारी मात्रा मे डोडा एवं अफीम बरामद किया गया है। मौके से तीनो आरोपी फरार हो गए।
आपको बताते चलें की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम की कीमत करीब 50 लाख रु व अफीम डोडा की कीमत 4 लाख रु आंकी गई है। इस संबंध में राजपुर थाना कांड सं0- 40/2023 दि0 07.06.2023 धारा- 15/17/18/22/ 27(ए)/28/29/30 एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि कांड मे संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छापामारी की जा रही है।
छापामारी दल में एसडीपीओ अविनाश कुमार,थाना प्रभारी पुअनि विनोद कुमार, पुअनि दीपनाराण सिंह,सअनि शिव प्रसाद साह व थाना शसस्त्र बल के जवान शामिल थे।





