रांची। झारखंड में छठवीं से लेकर आठवीं तक की ऑफलाइन क्लास 24 सितंबर से शुरू होने जा रही है।छात्र और छात्रा स्कूलों में जाकर पढ़ाई तो सकेंगे,मगर इनकी ऑफलाइन परीक्षा स्कूलों में नहीं होगी।हर महीने छात्र और छात्रा को झारखंड शैक्षिक अनुशंधान व प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) की ओर से प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे ये घर से बनाकर स्कूलों में जमा करेंगे।



स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने इसकी गाइडलाइन भी जारी कर दी है। सभी सरकारी,आवासीय,गैर सरकारी सहायता प्राप्त, जैक की ओर से मान्यता प्राप्त,सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड से सम्बद्ध मान्यता प्राप्त गैर सरकारी स्कूलों में छठी से आठवीं की भी ऑफलाइन क्लास शुरू होगी।



इन स्कूलों में नौवी से 12वीं की ऑफलाइन क्लास छह अगस्त से चल रही हैं। छठी, सातवीं और आठवीं में नामांकित छात्र-छात्राओं की ऑफलाइन क्लास डेढ़ साल के बाद शुरू होगी। छात्र-छात्राओं को स्कूलों में आने की अनिवार्यता नहीं होगी।जो बच्चे स्कूल आना चाहे तो वे अपने अभिभावकों की सहमति सह घोषणा पत्र लेकर आएंगे।



इनके लिए सुबह आठ बजे से 12 बजे तक क्लास का संचालन किया जाएगा। जो बच्चे स्कूल नहीं आएंगे उनके लिए ऑनलाइन क्लास और डिजिटल कंटेट भेजना जारी रहेगा।शिक्षकों की सौ फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होगी।शिक्षक हर दिन बायोमेट्रिक हाजिरी बनाएंगे। इसमें इन पंच व आउट पंच दोनो होगा। शिक्षकों को ऑफलाइन क्लास लेने के लिए कम से कम कोविड का एक डोज लेना आ‌वश्यक होगा।



स्कूलों में छात्र-छात्रा की संख्या बढ़ी तो दो पालियों में क्लास का संचालन हो सकेगा। साथ ही अगर ज्यादा बच्चे आएंगे तो ऑड-इवन रौल नंबर के आधार पर एक-एक दिन करके उन्हें स्कूल बुलाया जाएगा। स्कूल के प्रधानाध्यापक इसे तैयार करेंगे।