लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ में एशिया के सबसे ज्यादा बेड वाले किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में शनिवार को चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ओपीडी में मरीजों का पर्चा बनाने का काम ठप हो गया।पैथोलॉजी-रेडियोलॉजी में जांचें नहीं हो पायी। 150 से ज्यादा मरीज बिना इलाज के वापस लौट गए।
मिली जानकारी के अनुसार केजीएमयू में शनिवार सुबह 8.30 बजे केबल कटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। इसके कारण पैथोलॉजी-रेडियोलॉजी जांच और ऑनलाइन पर्चा बनाने की व्यवस्था ठप हो गई।बिजली आपूर्ति ठप होने से लगभग सभी काम ठप हो गये।सुबह से इलाज के लिए लाइन लगाकर अपना नंबर आने का इंतजार कर रहे मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
आईसीयू में भर्ती मरीजों की उखड़ी सांसे
बिजली आपूर्ति ठप होने से सबसे अधिक परेशानी आईसीयू में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर भर्ती मरीजों को हुई।रेस्पीरेटरी मेडिसिन विभाग में बिजली आपूर्ति ठप होने से आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती मरीजों की सांसें उखड़ने लगी।आनन-फानन मरीजों को ट्रॉमा सेंटर और अन्य विभागों के आईसीयू में शिफ्ट किया गया।जिससे उनकी जान बचायी जा सके।
पर्चा न बनने से मरीज लौटे वापस
बिजली आपूर्ति ठप होने से ओपीडी ब्लॉक में मरीजों का कम्प्यूटराइज्ड पंजीकरण बंद हो गया।बड़ा फाल्ट और बिजली आपूर्ति बहाल होने में देर लगेगी इसका पता चलने के बाद हाथ से पर्चा बनाने के आदेश जारी हुए,लेकिन इसे मरीजों को राहत नहीं मिली।कई मरीजों ने दूसरे ब्लॉक से पर्चा बनवाकर इलाज कराया।बहुत मरीज वापस लौट गए।
खुदाई के दौरान कट गई अंडर ग्राउंड केबल
केजीएमयू के मुख्य पीआरओ ऑफिस के पास निर्माण कार्य चल रहा है।ये निर्माण कार्य सीएंडडीएस कंपनी करा रही है।शनिवार सुबह जेसीबी मशीन से खुदाई का काम किया जा रहा था। सुबह लगभग 8.30 बजे अचानक बिजली का केबल कट गया।बड़ा फाल्ट होने के कारण लगभग 4 घंटे तक केजीएमयू के आधा दर्जन महत्वपूर्ण भवनों में बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर लगभग 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।





