पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में सरकारी शराब प्रतिष्ठानों में खुलेआम मनमानी करने एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेचे जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की।जिले में बीती रात छापामारी अभियान चलाकर कई दुकानों के जांच किए गए,जिसमें मनमाने ढंग से शराब की विक्रय करने के आरोप में कई कर्मियों को हिरासत में भी ले लिया गया।
बताया जाता है कि जिले के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर जिला मुख्यालय व शहर से लगे क्षेत्र में संचालित शराब की दुकानों में छापामारी की गई। इस दौरान जहां शहर में एसडीओ विशाल दीप खलखो के नेतृत्व में छापामारी की गई,जिसमें अंचलाधिकारी रवि भूषण प्रसाद नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी तथा उत्पाद विभाग के अधिकारी शामिल रहे।वहीं जिले के डुमरी अनुमंडल क्षेत्र के मुख्य व्यवसायिक केंद्र इसरी बाज़ार में एसडीएम प्रेमलता मुर्मू के नेतृत्व में सरकारी शराब की दुकानों पर छापामारी किए गए।
उपायुक्त गिरिडीह के निर्देश पर गुरुवार की रात्रि करीब 9 बजे डुमरी एवं इसरी में संचालित अनुज्ञप्ति प्राप्त शराब दुकानों में छापेमारी अभियान चलाकर ग्राहकों से ली जा रही शराब की दर एवं स्टॉक व बिक्री पंजी की जांच की गयी।इस दौरान इसरीबाजार के दो विदेशी अंग्रेजी शराब दुकानों को प्रिंट रेट से ज्यादा रेट पर शराब बेचते हुए पकड़ा गया। साथ ही स्टॉक रजिस्टर में भी गड़बड़ी पाई गई,जिसके बाद दोनों अंग्रेजी शराब दुकानों को सील कर दिया गया।वहीं इसकी सूचना उत्पाद विभाग को भी दे दी गई है।इस दौरान दोनों दुकान के 3 कर्मियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।छापेमारी अभियान का नेतृत्व डुमरी एसडीएम प्रेमलता मुर्मू कर रही थीं,जिसमें एसडीपीओ मनोज कुमार अंचल अधिकारी धनंजय गुप्ता डुमरी थाना प्रभारी पवन कुमार निमियाघाट थाना प्रभारी साधन कुमार शामिल थे।
एसडीएम ने बताया कि उपायुक्त को लगातार शिकायत मिल रही थी कि अंग्रेजी शराब की दुकानों में प्रिंट रेट से ज्यादा मूल्य पर शराब बेचा जा रहा है,जिसपर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया था।एसडीएम ने बताया कि दोनों अंग्रेजी शराब के दुकानदारों द्वारा अंकित मूल्य से ज्यादा मूल्य लेकर शराब की बिक्री किया जा रहा था,जिसके बाद दोनों दुकानों को सील कर दिया गया।साथ ही बिक्रेताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
इधर इस कार्रवाई से शराब दुकानों के बिक्रेताओं में हड़कंप मच गई।बता दें कि जिले में संचालित अंग्रेजी शराब की दुकानों में शराब की बोतल पर अंकित मूल्य से अधिक राशि ग्राहकों से ली जाती है।वहीं पूछे जाने पर एसडीएम द्वारा शुक्रवार को दोनों अंग्रेजी शराब दुकानों को सीलमुक्त कर दिए जाने की बात बताई गई ।





