रांची।झारखंड में केन्द्रीय एजेंसियों की सख्ती जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जहां एक ओर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खनिज लीज घोटाला मामले में समन भेजा है तो वहीं पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव और बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह के यहां आयकर विभाग ने छापेमारी की।छापेमारी को लेकर कांग्रेस पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर हमला बोला है।प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि एजेंसियां अपना काम करे,कार्रवाई करे।किसी को कोई शिकायत नहीं है,लेकिन सवाल टाइमिंग को लेकर है।





कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि जिस प्रकार बीते कुछ समय से केंद्र सरकार गैर-भाजपा शासित राज्यों में सरकार को अपदस्थ करने का काम कर रही है, मौजूदा कार्रवाई उसी की अगली कड़ी है।राजीव रंजन ने कहा कि केंद्र सरकार ने गैर भाजपा शासित राज्यों में सरकार गिराने की जो पटकथा लिखी थी,उसी को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। जब भाजपा राजनीतिक रूप से मात खाती है तो ऐसे कुत्सित षड्यंत्रों का सहारा लेती है। वहीं, बेरमो विधायक अनूप सिंह ने कहा कि भाजपा की बात नहीं मानने पर ऐसा ही होता है।





शुक्रवार सुबह शुरू हुई छापेमारी





झारखंड में सुबह लोगों की नींद कांग्रेस विधायकों के घरों पर आयकर विभाग की छापेमारी की खबरों के साथ खुली। आयकर विभाग ने पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव और बेरमो विधायक अनूप सिंह के आवास पर एक साथ छापेमारी की।अनूप सिंह के राजधानी रांची और धनबाद स्थित आवास पर आईटी की टीम ने छापा मारा जो खबर लिखे जाने तक जारी है। प्रदीप यादव के भी पंचवटी कांके रोड स्थित आवास पर छापेमारी जारी है। फिलहाल ये साफ नहीं हो पाया है कि आईटी ने किन सुरागों अथवा आधार पर ये कार्रवाई की है। छापेमारी से संबंधित कई तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें आईटी के अधिकारियों को विधायकों के आवास पर देखा जा सकता है। इस दौरान भारी संख्या में सुरक्षाबल के जवानों की मौजूदगी भी दिखी।





भाजपा की बात नहीं मानने का है नतीजा





आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर अभी तक विधायक प्रदीप यादव की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है,लेकिन विधायक अनूप सिंह ने कहा कि जो लोग भाजपा की बात नहीं मानते उनके साथ ऐसा ही होता है। अनूप सिंह ने कहा कि जो भी नेता भाजपा की बात नहीं मानेंगे उनके आवास पर छापेमारी होगी।