चित्रकूट।उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की रगौली जिला जेल को योगी सरकार सबसे सुरक्षित मानकर बाहुबलियों और माफियाओं को इस जेल में भेजती है,लेकिन रगौली जिला जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से मऊ विधायक अब्बास अंसारी की पत्नी निकहत अंसारी को लेकर कई खुलासे हो रहे हैं।
निकहत अंसारी कई महीनों से कई बार जेल में अब्बास अंसारी से घंटों मुलाकात कर चुकी थी,लेकिन बीती तीन मुलाकातों के बाद से जेल में अब्बास की मनमानी पर जेल कर्मियों में आपस में ही झगड़ा शुरू हो गया था।
महंगा गिफ्ट और घूस में मोटी रकम के झगड़े के बाद से जेल कर्मियों के बीच में मनमुटाव से निकहत अंसारी और अब्बास अंसारी की सीक्रेट मुलाकात की भनक राजधानी लखनऊ में बैठे बड़े अफसरों के कानों के अंदर पहुंचने लगी थी।
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को जब रगौली जेल में निकहत अब्बास से मिलने पहुंची तो जेल के पीसीओ से एक फोन किया गया।यह फोन पुलिस महकमे के एक बड़े अफसर को किया गया।इसी फोन के बाद से डीएम और एसपी को रगौली जिला जेल में प्राइवेट गाड़ी और सादे कपड़ों में छापेमारी का आदेश दिया गया।जेल के पीसीओ से किया गया फोन ही अब्बास और पत्नी निकहत की मुलाकात करवाने में भ्रष्टाचार के समंदर में गोता लगा रहे जेलकर्मी बेनकाब हुए।





