अयोध्या।रामनगरी अयोध्या में भव्य और दिव्य दीपावली बनाने के लिए दीपोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुधवार दीपोत्सव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अयोध्या पहुंचे।पीएम मोदी दीपावली से एक दिन पहले नरक चतुर्दशी के दिन रामनगरी अयोध्या आएंगे। रामनगरी में इस बार दीपोत्सव पर 17 लाख दीप जलाकर पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया जाएगा।
दीपोत्सव में शामिल होंगी 11 तरह की झांकियां
इस बार दीपोत्सव में 10 देशों की रामलीला समेत 8 प्रदेशों की रामलीला का मंचन होगा।इसके अलावा 11 तरह की झांकियां भी होंगी जो दीपोत्सव में चार चांद लगा देंगी।इसके अलावा लेजर शो के जरिए भगवान राम के जीवन से संबंधित दृश्य दिखाए जाएंगे।जिसे देखकर लोग भगवान राम के जीवन से जुड़ी कई रोचक जानकारी जान सकेंगे।
दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी
रामनगरी अयोध्या में 23 अक्टूबर को होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।इस दौरान पीएम मोदी भगवान राम के राज्याभिषेक में भी शामिल होंगे। इसके बाद शाम पांच बजे पीएम मोदी रामलला का दर्शन करेंगे और साथ ही राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का भी मुआयना करेंगे।इसके बाद शाम 6.30 बजे सरयू घाट पर आरती में शामिल होंगे।इस अवसर पर ग्रीन डिजिटल आतिशबाजी की योजना बनाई गई है।
रूस, मलेशिया, श्रीलंका और फिजी के कलाकार देंगे प्रस्तुति
रामनगरी अयोध्या में रविवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय दीपोत्सव समारोह में रूस, मलेशिया, श्रीलंका और फिजी के कलाकारों की रामलीला की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। जो एक नया रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार है, तीन दिवसीय उत्सव के दौरान 17 लाख दीप जलाए जाएंगे।इस दौरान कई गाय के गोबर से बने दीपक भी जलाए जाएंगे।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में जलाए जाएंगे एक लाख दीप
जिलाधिकारी नितीश कुमार के मुताबिक धार्मिक स्थलों के लिए 21 अक्टूबर और विद्यालयों के लिए जीजीआईसी में 20 अक्टूबर को दीपोत्सव संबंधी सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव में इस बार अन्य धार्मिक स्थलों और स्कूलों में कुल 3.06 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में एक लाख के करीब दीप जलाए जाएंगे।





