प्रतिनिधि,गोड्डा। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्त्वाधान में स्थानीय अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गोढ़ी में ओआरएस-जिक कॉर्नर का शुभारंभ किया गया।इस कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सोनाली के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. सोनाली ने बताया कि सघन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के तहत शहरी क्षेत्र के 5 साल तक के बच्चों को ओआरएस और जिंक की खुराक दी जानी है। इसके तहत शहरी साहिया घर-घर भ्रमण करेंगी। इस क्रम में प्रत्येक घरों में ओआरएस के पैकेट दिए जाएंगे,लेकिन जिंक की गोलियां सिर्फ उन परिवारों को दी जाएगी, जिनके बच्चे दस्त से ग्रसित रहते हों। उन्होंने बताया कि दो से छह माह तक के बच्चों को जिंक की आधी गोली प्रतिदिन 14 दिनों तक देनी है। वहीं छह से पांच वर्ष तक के बच्चों को प्रतिदिन जिक की एक गोली दी जानी है। सबसे जरूरी बात यह है कि छह माह तक के बच्चों को यदि दस्त हो जाए तो माताओं को स्तनपान कराते रहना है जिससे कि रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास हो।
मौके पर एएनएम आराधना कुमारी,नीलम कुमारी,पुष्पा कुमारी बी टीटी बेबी कुमारी,प्रह्लाद कुमार,लेब टेक्नीशियन प्रभात झा, एमपीडब्लू एवं शहरी साहिया एवं अन्य लोग मौजूद थे।





