रांची।भ्रष्टाचार के आरोप में घिरी आईएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा का पल्स अस्पताल पूरी तरह से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर है।ईडी के अधिकारियों को संदेह है कि पल्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के जरिए मनी लाउंड्रिंग की जा रही है।ईडी ने अस्पताल से जुड़ी सारी जानकारी हासिल की है और आशंका है कि मनी लाउंड्रिंग के लिए मेधांश हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड का गठन इसी लिए किया गया था।इसे बाद में पल्स संजीवनी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी बनाकर मर्ज कर दिया गया।
भाई और पति के रिश्तेदार हैं डायरेक्टर
पल्स संजीवनी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के एमडी अभिषेक झा हैं। इस कंपनी में पूजा सिंघल के भाई सिद्धार्थ सिंघल,अभिषेक झा की बहन अमिता झा और दीप्ति बनर्जी भी निदेशक हैं।कंपनी बरियातू के आर्किड कांप्लेक्स के पते पर निबंधित है और इसी पते पर मेधांश हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड भी निबंधित है।मेधांश हाॅस्पिटल को कंपनी के साथ 2016 में मर्ज कर दिया गया था।
ईडी अधिकारियों के मुताबिक पल्स संजीवनी हेल्थ केयर और मेधांश हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कागजात जब्त किए गए हैं। कोलकाता में जिन दो इंट्री ऑपरेटरों के यहां ईडी ने छापेमारी की है।दोनों से कंपनियों में पूर्व के कैश ट्रांजेक्शन और मर्जर के बाद के एकाउंट्स की जानकारी ली गई है।
विवादों में रहा है पल्स
आपको बता दें कि बरियातू का पल्स अस्पताल शुरू से ही विवादो में रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शिकायत मिली थी कि अस्पताल भुईंहरी जमीन पर निर्माणाधीन है।सीएम हेमंत सोरेन ने रांची के तत्कालीन डीसी राय महिमापत रे को जांच का आदेश दिया था,लेकिन कोरोना काल के दौरान जांच ठप रही।इसी बीच अस्पताल का निर्माण भी हो गया।





