रांची।मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसीं झारखंड की खान सह उद्योग सचिव पूजा सिंघल की बुधवार की रात बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बीती।पूजा सिंघल रात लगभग दस बजे जेल पहुंचीं।उन्हें महिला वार्ड में रखा गया है।

जेल में पहुंचने के बाद पूजा सिंघल के पास कई महिला कैदी आईं,लेकिन किसी से भी बातचीत नहीं की और अपने सेल में जाकर काफी देर तक गुमसुम बैठी रहीं। कुछ महिला कैदियों ने पूजा सिंघल ढाढ़स बंधाया, लेकिन वे बिना किसी से बातचीत किए लेट गईं।





जेल सूत्रों के अनुसार पूजा सिंघल ने रात करवटें बदलते हुए बिताई।उनके जेल पहुंचने से पहले जेल प्रशासन ने तैयारी पूरी कर रखी थी।रात में पहुंचने की वजह से संतरी से लेकर सुरक्षाकर्मी तक को दरवाजा खोलने और रजिस्टर में एंट्री के लिए तैनात रखा गया था। जेलर ने बताया कि पूजा सिंघल को आम कैदियों से अलग सेल में रखा गया है।





पूजा सिंघल को बुधवार की रात 8.10 बजे ईडी के विशेष न्यायाधीश प्रभात कुमार शर्मा के समक्ष पेश किया गया। यहां सुनवाई के दौरान पूजा सिंघल के वकील प्रकाश विनय ने अदालत से अनुरोध किया कि वह थायराइड जैसी बीमारी से ग्रसित हैं। उन्हें मेडिकल सुविधा प्रदान की जाए और साथ ही पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्य से मिलने की इजाजत दी जाए।





दूसरी तरफ पुलिस रिमांड के आवेदन पर ईडी के विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने कहा कि यह मामला काफी संवेदनशील है। इसकी जांच को आगे बढ़ाने के लिए आरोपी से पूछताछ की आवश्यकता है। सही दिशा में जांच में सहयोग करेगा। इसलिए 12 दिनों का पुलिस रिमांड पर लेने की अनुमति प्रदान की जाए। इसका विरोध बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने किया। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लेने की अनुमति प्रदान की। ईडी ने साल 2018 में बर्खास्त जेई राम विनोद प्रसाद सिन्हा के खिलाफ मनी लाउंड्रिंग करने के आरोप में चार्जशीट दाखिल की थी। इसी मामले में पूजा सिंघल को रिमांड किया है।