देवघर।झारखंड के देवघर में बम धमाके की घटना सामने आई है।हमला करने आए एक अपराधी खुद बम की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया।बमबाजी में एक 13 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोग घायल हुए हैं।घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस पूरी घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। बता दें कि घटना गुरुवार को मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत रिखिया थाना क्षेत्र के बेहराबरन गांव में हुई है। दोनों अपराधी बाइक पर सवार होकर घटना को अंजाम देने आए थे।दोनों अपराधी बिहार के बांका जिले के चंदन प्रखंड के रहने वाले बताए जाते हैं।
अपराधी की मौत के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी। पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और घायल अपराधी को गिरफ्तार करके इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।दूसरे अपराधी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार बेहराबरन गांव के रमेश यादव राशन की दुकान चलाते हैं।रमेश अपनी दुकान को बंदकर अपने घर पहुंच रहे थे।इसी दौरान दोनों अपराधियों ने रमेश पर बम से हमला कर दिया, लेकिन हमले में रमेश बच गए।हमला और शोर-शराबे की आवाज सुनकर रमेश के घर के अंदर से परिवार के अन्य सदस्य बाहर आ गए।अपराधियों ने दूसरा बम परिवार के सदस्यों पर फेंक दिया। जिसमें 13 वर्षीय अमन कुमार , 19 वर्षीय चंदन कुमार और 38 वर्षीय दिनेश यादव घायल हो गए।वहीं भाग रहे दोनों अपराधी बाइक से असंतुलित होकर गिर गए और बम की चपेट में आ गए। जिसमें एक अपराधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।वहीं दूसरा अपराधी घायल हो गया,जिसे पकड़ कर स्थानीय गांव वालों ने पुलिस को सौंप दिया।रिखिया पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। पहले भी देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र के कोरियासा मध्य विद्यालय के पास चाय दुकान पर खड़े जमीन कारोबारी लक्ष्मी प्रसाद यादव पर आधा दर्जन आए अपराधियों ने बम और बंदूक से हमला बोल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।





