प्रतिनिधि,दुमका। भारत सरकार एवं राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त सरकारी एवं निजी इंजीनियरिंग मेडिकल महाविद्यालयों एवं क्लेट में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी हेतु स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित आकांक्षा केन्द्र में नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा 2023 प्लस टू जिला स्कूल दुमका परीक्षा केन्द्र पर रविवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त सम्पन्न हो गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी रेणुका तिग्गा ने प्लस टू जिला स्कूल दुमका के प्रभारी प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह एवं स्टैटिक दंडाधिकारी मुनेश्वर प्रसाद सिंह के साथ सभी परीक्षा कक्ष का औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त पाया गया।
केंद्राधीक्षक डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ली गई। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के समय सभी परीक्षार्थियों का सघन तलासी ली गई।जिला शिक्षा पदाधिकारी रेणुका तिग्गा ने बताया कि आकांक्षा प्रवेश परीक्षा 2023 में क्वालीफाई करने वाले छात्र छात्राओं का नामांकन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित रांची के बरियातू स्थित आकांक्षा केन्द्र में होगा। इन छात्र छात्राओं को निःशुल्क इंजीनियरिंग एवं मेडिकल महाविद्यालयो में प्रवेश के लिए तैयारी कारवाई जाएगी। आकांक्षा केंद्र के लिए चयनित छात्र छात्राओं के रहने एवं खाने की खर्चा भी झारखण्ड सरकार खुद वहन करेगी।
परीक्षा नियंत्रक रूपेश कुमार झा ने बताया कि प्लस टू जिला स्कूल दुमका परीक्षा केन्द्र पर कुल आवंटित 416 परीक्षार्थियों में 306 उपस्थित एवं 110 अनुपस्थित थे। परीक्षा के सफल संचालन में सहायक केंद्राधीक्षक मुदस्सर सुल्तान, परीक्षा नियंत्रक रुपेश कुमार झा, सहायक परीक्षा नियंत्रक प्रकाश कुमार घोष, वीक्षक महेंद्र राज हंस, अमित कुमार पाण्डेय, संजीव कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, रंजीत लायक, विजय कुमार दूबे,अर्चना कुमारी, गौरांग चटर्जी, रामप्रसाद यादव, जमाल नासीर,विद्यासुन्दर नन्दी, रघुनंदन मण्डल, दिलीप कुमार, तरन्नुम परवीन, हरेकृष्ण झा, सुचरिता मित्रा, कैलास मंडल एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुखदेव पाल, सुजीत झा, जेम्स सोरेन,एनोस सोरेन एवं टेरेसा टूडू की भूमिका सराहनीय रही।





