प्रतिनिधि,रामगढ़। आगामी लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के सफल, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष क्रियान्वयन के मद्देनजर सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामगढ़ चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार की उपस्थिति में जिला समाहरणालय के ब्लॉक बी स्थित सभा कक्ष में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के उड़न दस्ता दलों एवं स्थैतिक निगरानी दलों के सभी पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकाइयों आदि के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।





बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने उड़न दस्ता दलों एवं स्थैतिक निगरानी दलों में प्रतिनियुक्त सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की गंभीरता को समझते हुए एवं निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं मास्टर ट्रेनरों के द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के मद्देनजर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम दिशा निर्देशों के आधार पर तैयार किए गए प्रशिक्षण सामग्रियों के संबंध में सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को विस्तार से एवं विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति के दौरान अधिकारियों द्वारा लिए जाने वाले निर्णय एवं इस दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का भी अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य करने को लेकर जानकारी दी गई।





प्रशिक्षण के दौरान स्थैतिक निगरानी दलों के पदाधिकारियों को चेक पोस्ट की निगरानी, निर्वाचन क्षेत्र में भारी मात्रा में ले जाने वाले नगदी, अवैध शराब, कोई संदेहास्पद वस्तु या शस्त्रों इत्यादि पर निगरानी रखने, जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने, दैनिक प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित कोषांग व प्रेक्षकों को भेजने आदि तथा उड़न दस्ता दलों के अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान आदर्श आचार संहिता सह विधि व्यवस्था कोषांग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने, विधानसभा क्षेत्र में भारी मात्रा में ले जाए जाने वाले अवैध नगदी, शराब, कोई संदेहास्पद वस्तु या शस्त्रों इत्यादि जो मतदाताओं को लुभाने/प्रभावित करने हेतु प्रयोग किया जा सकता हो पर निगरानी रखने, किसी प्रकार की कोई भी सूचना प्राप्त होने पर अविलंब उस स्थान पर पहुंचकर अवैध वस्तुओं को जप्त करने, जांच के दौरान कराई जाने वाली वीडियोग्राफी एवं दैनिक प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित कोषांगों व प्रेक्षकों आदि को भेजने को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई एवं सभी की दुविधाओं को दूर किया गया।