आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी को लेकर सोशल मीडिया अभियान आईएम वेरिफाइड वोटर का सफल संचालन हेतु एसडीओ व बीडीओ ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण





सभी मतदान केन्द्रों पर चला आई एम वेरिफाइड वोटर अभियान, मतदाता अपने पहचान पत्र का किए सत्यापन:एसडीओ





प्रतिनिधि, बरही। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आईएम वेरिफाइड वोटर अभियान की शुरुआत की है। सोमवार को बरही विधानसभा के सभी बूथों पर इसके सफल संचालन को लेकर एसडीओ जोहन टुडू, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ सीआर इंदवार ने बरही के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। अभियान के तहत मतदाताओं ने अपना नाम मतदान केन्द्र जाकर अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची से अथवा ऑनलाईन Voter Helpline App या Voters Service Portal (https://voters.eci.gov.in/) के माध्यम से जांच कर संतुष्ट हुए कि उनका नाम संबंधित मतदान केन्द्र की मतदाता सूची में दर्ज है। यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा कोई अन्य त्रुटि है, तो नाम पंजीकरण करने एवं सुधार आदि हेतु आवेदन समर्पित करने हेतु जानकारी देते हुए प्रेरित करें। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक Voter Helpline App डाउनलोड करने हेतु आग्रह किया।





एसडीओ व बीडीओ ने सभी मतदान केन्द्रों पर अंतिम प्रकाशित मतदाता की प्रति एवं प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के साथ बीएलओ की उपस्थिति की जांच की, ताकि वे आम नागरिकों को उक्त अभियान के बारे में बता सके और आवश्यकता पड़ने पर मतदाता सूची में पंजीकरण आदि हेतु आम नागरिकों से भरा हुआ प्रपत्र प्राप्त कर सकें। साथ ही सभी नागरिकों को Voter Helpline App के बारे में जानकारी देते हुए उक्त ऐप को डाउनलौड करने हेतु प्रेरित किया। इसके अलावा मतदान केन्द्रों का निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्र में बिजली, पानी, शौचालय व रैम्प की व्यवस्था की जांच की। उन्होंने नारा दिया कि मतदान से पहले करना है ये काम, मतदाता सूची में जुड़वाना है अपना नाम। निरीक्षण के दौरान जेपीएस सांवना मांझी भी मौजूद थे।