आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वज्रगृह एवं मतगणना हॉल के चयन के लिए किया गया स्थल निरीक्षण





बाजार समिति गढ़वा स्थित विभिन्न हॉल,भवनों को वज्रगृह एवं मतगणना हॉल के रूप में किया गया चिन्हित





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।जिला निर्वाचन पदाधिकारी शेखर जमुआर और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से आगामी विधानसभा आम चुनाव के लिए प्रस्तावित स्थानीय बाजार समिति गढ़वा के विभिन्न भवन,हॉल का भौतिक निरीक्षण किया गया।स्थल निरीक्षण उपरांत बाजार समिति गढ़वा के हॉल के विभिन्न कमरों को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वज्रगृह और मतगणना हॉल के रूप में चिन्हित किया गया। साथ ही कम्युनिकेशन सेंटर एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों को बैठने की व्यवस्था आदि के लिए भी स्थल चयनित किया गया।बाजार समिति गढ़वा के निरीक्षण के उपरांत इसी क्रम में जिला नियंत्रण कक्ष एवं श्रीकृष्ण सिंह अनुमंडलीय पुस्तकालय का भी निरीक्षण कर अद्यतन जानकारी से अवगत होने का कार्य किया गया।





इस मौके पर उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा,जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय,अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, एवं कनीय अभियंता भवन प्रमंडल तथा ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।