पतरातू।उरीमारी इलाके की एक आदिवासी युवती को प्रेम जाल में फांसकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी संजय भुइयां और अरुण भुइयां को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस मुख्य आरोपी प्रेमी हर्ष दास की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।





एसडीपीओ ने बताया कि युवती ने इस मामले में हर्ष दास, संजय भुइयां, अरुण भुइयां के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।उन्होंने बताया कि तीनों रेलवे स्टीम कॉलोनी के हैं। इनकी उम्र 19-20 वर्ष के बीच बताई जा रही है।





पुलिस ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की घटना को 8 अक्तूबर को रेलवे स्टीम काॅलोनी के एक निर्माणाधीन आवास में अंजाम दिया गया।पीड़िता का हर्ष दास के साथ प्रेम संबंध था। हर्ष के कहने पर संजय युवती को बाइक से स्टीम कॉलोनी लेकर आया। यहां हर्ष दोस्त अरुण के साथ मौजूद था। फिर तीनों ने एक निर्माणाधीन आवास में युवती के साथ दुष्कर्म किया।घटना के बाद युवती ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद मामले को सलटाने की कोशिश की गई,लेकिन जब बात नहीं बनी तो आठ दिनों के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।