बोकारो।झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी आपकी योजना,आपकी सरकार,आपके द्वार अभियान के तहत हर जिले में शिविर का आयोजन हो रहा है।इसी कड़ी में बोकारो की अलारगो पंचायत में भी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन हुआ।हालांकि इस शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आवेदन को नहीं लिया जा रहा है।जिससे क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं।जबकि इस शिविर में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो थे।





नहीं लिए जा रहे पीएम आवास योजना से जुड़े आवेदन





बोकारो के चंद्रपुरा प्रखंड स्थित अलारगो पंचायत में आयोजित शिविर में शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो पहुंचे।इस मौके पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और साथ ही सरकार आपके द्वार कार्यक्रम से लाभुकों को लाभ मिलने की बात कही,लेकिन इसके ठीक उलट इस शिविर में पीएम आवास योजना से जुड़े आवेदन को नहीं लिया जाना चर्चा का विषय बन गया है।शिविर में पीएम आवास योजना का आवेदन न लिए जाने से लाभुकों को वापस लौटना पड़ा।इस शिविर में आवास के लिए आवेदन लेकर काफी संख्या में लोग पहुंचे थे।





भीड़ को देखते हुए बीडीओ रेणुबाला ने कहा कि इस शिविर में पीएम आवास योजना का आवेदन नहीं लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इसके लिए दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है।





बोकारो की अलारगो पंचायत में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम





अपने ने गृह पंचायत चंद्रपुरा प्रखंड के अलारगो में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने संबोधित करते हुए कहा कि यह सरकार द्वारा चलायी जा रही महत्वाकांक्षी योजना है।जिसका लाभ हर जरूरतमंद को लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऋण लेकर युवा स्वरोजगार से जुड़े।शिक्षा के लिए छात्राओं को राशि दी जा रही है।





शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने दीप प्रज्जवलित कर शिविर का उद्घाटन किया।इस मौके पर प्रमुख चांदनी परवीन, मुखिया साजदा खातून, पंसस जाबिर हुसैन,उप मुखिया रेखा कुमारी के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी रेणुबाला, क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार मदेशिया समेत सभी विभागों के कर्मी और अधिकारी उपस्थिति थे।