प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन, कारा सुरक्षा, उग्रवादी हिंसा, जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स, मेगा प्रोजेक्ट, भू अर्जन समेत अन्य से संबंधित मामलों का गहन समीक्षा किया गया। बैठक में उपायुक्त ने अभियोजन स्वीकृति अन्तर्गत प्राप्त सभी प्रस्तावों के प्रक्रियाधीन एवं निष्पादित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।





कारा सुरक्षा की समीक्षा में उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था हेतु अधिष्ठापित यंत्रों तथा विधि व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। आपदा प्रबंधन अन्तर्गत प्राकृतिक आपदा एवं अन्य से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई तथा जंगलों में आगजनी की घटनाओं के रोकथाम एवं उपायों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।





जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने पूर्व की बैठक में दिए गये निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही तथा निर्देश दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कार्यपालक अभियंता नगर परिषद चतरा को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख चौक पर हो रहे अतिक्रमण का निराकरण किया जाए,जिससे कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। परियोजना क्षेत्र में विगत बैठक में दिये गए निर्देशों के आलोक में किये गए कार्यों की भी समीक्षा की गई और निर्देश दिया कि दुर्घटना सम्भावित मार्गो में हाई मास्ट,एलईडी लाइट एवं सीसीटीवी के अधिष्ठापन का कार्य जल्द पूर्ण किया जाए तथा वाहनों को गति सीमा के पालन हेतु रोड बैरियर लगाया जाए।





बैठक में सभी मेगा प्रोजेक्ट के प्रबंधक समेत अन्य उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा जिले में चल रहे मेगा प्रोजेक्ट को लेकर अद्यतन प्रगति की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया गया। मेगा प्रोजेक्ट के प्रबंधक समेत अन्य उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा भूमि अधिग्रहण के पश्चात रैयतों को मुआवजा भुगतान, वन विभाग से जुड़े़ मामले,एनओसी,एफआरए,रैयती मान्यता, अवार्ड, जीएम लैंड समेत अन्य मामलों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अपने स्तर से मामलों की समीक्षा कर जल्द उन मामलों का निराकरण हेतु निर्देशित किया,जिससे कि रैयतों को ससमय भुगतान हो सके एवं जिले में सभी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।समीक्षा के दौरान कुछ मामलों में उपायुक्त ने रैयतों से बात कर मुआवजा समेत अन्य प्रक्रिया पूर्ण करने को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।





बैठक में उपायुक्त ने जमीन मुआवजा राशि एवं अब तक किए भुगतान की पूर्ण जानकारी विस्तार पूर्वक लिया। गहन समीक्षा उपरांत उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपस में समन्वय रखते हुए समस्याओं का ससमय समाधान करने को कहा गया,जिससे कि प्रोजेक्ट का संचालन सरलता पूर्वक हो सके।बैठक में अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी राहुल मीना, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा मुमताज अंसारी, अनुमण्डल पदाधिकारी सिमरिया सुधीर कुमार दास, जिला भू अर्जन पदाधिकारी गौरांग महतो समेत विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, संबंधित अंचल अधिकारी, संबंधित परियोजनाओं के प्रबंधक तथा अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।