अमेठी।समाजवादी पार्टी सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति की मुश्किलें कम होने की बजाय बढ़ती ही जा रही हैं।गौरतलब हो कि अमेठी स्थित उनके द्वारा निर्माण कराए गए चार आवासीय भवनों का मूल्यांकन कराया जाएगा जिस के संबंध में एसडीएम अमेठी की अध्यक्षता में गठित 4 सदस्यीय टीम को तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।इस आशय का निर्देश भी डीएम ने संबंधित सदस्यों को जारी कर दिया है।
पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पुत्र सुकई, तत्कालीन खनन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, निवासी ग्राम परसावां जिला अमेठी(वर्तमान पता आवास विकास कॉलोनी महमूदपुर अमेठी) व उनके परिवारीजनों से संबंधित आवासीय भवनों की सूची भी संलग्न की गई है।जिलाधिकारी अमेठी के आदेशानुसार मूल्यांकन समिति अपने साथ संबंधित राजस्व कर्मी व अभिलेखों के साथ आवासीय भवनों का मूल्यांकन करेगी।
इस आशय का पत्र पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ द्वारा जिलाधिकारी अमेठी को लिखा गया है। पत्र में कहा गया है कि पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति व उनके परिवारीजनों द्वारा अमेठी में विभिन्न स्थानों पर आवासीय भवनों का निर्माण/विक्रय किया गया है,जिसकी सूची संलग्न की गई है।पत्र में लिखा गया है कि यह अन्वेषण शासन की प्राथमिकता पर है जिसको पूरा कर आख्या अति शीघ्र शासन को प्रेषित किया जाना है।





