पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। शहर के बरियातू स्थित रिम्स (पूर्व में आरएमसीएच) के पुरातन छात्रों का पुनर्मिलन समारोह 30 नवंबर से एक दिसंबर तक राजधानी रांची में आयोजित होगा। मिलन समारोह में देश-विदेश में रह रहे रिम्स (तत्कालीन आरएमसीएच) के 1969-1974 बैच के चिकित्सगण शामिल होंगे। इस संबंध में सोमवार को सिटी ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई।





संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुनर्मिलन समारोह आयोजन समिति के सचिव डॉ.त्रिलोचन सिंह ने कहा कि राजेंद्र चिकित्सा महाविद्यालय रांची के 1969 बैच के छात्र 55 वर्षों के बाद एक साथ मिलेंगे। यह क्षण अविस्मरणीय होगा। उन्होंने कहा कि इस पुनर्मिलन समारोह में इंग्लैंड,अमेरिका एवं भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों व शहरों के चिकित्सक, जिन्होंने राजेंद्र चिकित्सा महाविद्यालय, रांची की ख्याति कोने-कोने तक फैलाई है, शामिल होंगे।





डॉ.सिंह ने बताया कि 30 नवंबर को डॉ.एमएन सिंह के सौजन्य से ट्यूलिप हॉस्पिटल, रिंग रोड, रांची में मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा।इसके बाद दूसरे दिन एक दिसंबर को होटल कैपिटोल हिल में चिकित्सक एकत्रित होंगे। सभी चिकित्सक अपने-अपने अनुभवों को साझा करेंगे।तीसरे दिन दो दिसंबर को पतरातु डैम में पिकनिक मनाएंगे।





प्रेसवार्ता में डॉ. एमएन सिंह, डॉ.मनोज कुमार राय, डॉ.एके जगनानी, डॉ.अशोक कुमार सिन्हा, डॉ.पीजी सरकार, डॉ.एस घोष, डॉ. यूएस वर्मा,डॉ. रमेश प्रसाद एवं जनसंपर्क पदाधिकारी शिव किशोर शर्मा मौजूद थे।