रांची।जाको राखे साइयां,मार सके ना कोए।ये कहावत काफी पुरानी है लेकिन समय अक्सर इसे सच साबित करता रहता है।सोमवार की देर रात झारखंड की राजधानी रांची रेलवे स्टेशन पर ऐसा ही हुआ।पूरी घटना सीटीसीवी कैमरे में कैद हो गई।जिसे देखने वाला हर इंसान अपने दातों तले उंगली दबा लेगा।
एक आरपीएफ जवान की वजह से रांची रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ट्रेन में सवार होने की जल्दबाजी में ट्रेन के चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।आरपीएफ जवान फरिश्ता बनकर उसे मौत के मुंह से निकाल लिया।
आपको बताते चलें कि रांची-सासाराम एक्सप्रेस (18635) ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना हो रही थी। इसी बीच एक यात्री दौड़ता हुआ आया और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की और पैर फिसल जाने से गेट पर ही वह झूल गया। यात्री पटरियों के बीच गिरने वाला था, लेकिन गिरने से पहले ही वहां मौजूद आरपीएफ टीम के आरक्षी सुनील यादव ने दौड़ते हुए यात्री को ट्रेन से बाहर खींचकर उसे बचा लिया। इस पूरी घटना पर ट्रेन के ड्राइवर की नजर थी। यात्री को गिरता देखकर ड्राइवर ने ट्रेन को रोक दिया। यह पूरी घटना रेलवे के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बाद में यात्री को ट्रेन बैठा दिया गया। यात्री अपने गंतव्य के लिए चला गया।





