पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। कांग्रेस की केंद्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने झारखंड के दौरे के क्रम में गोड्डा और रांची के नामकुम क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। गोड्डा में जनसभा के बाद नामकुम स्थित लोआडीह हाईटेंशन मैदान पहुंचीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोदी जी सरकार में 30 लाख नौकरियों के पद खाली हैं। इन 10 सालों में दो करोड़ नौकरियां देने के वायदे करने वाले मोदी जी रिक्त पदों को भी नहीं भरे। इंडिया गठबंधन की सरकार आयी तो 30 लाख रिक्त पद भरे जायेंगे। मोदी जी देश की संपति अमीरों को सौंप रहे हैं।





उन्होंने आगे कहा कि गोदी मीडिया के अनुसार मोदी जी ने पिछले 10 सालों में देश में आमूलचूल परिवर्तन कर दिया है। अगर सही में देश ने तरक्की की है तो आप बेरोजगार क्यों हैं, इतनी महंगाई क्यों है।तरक्की तो आम लोगों के जीवन में दिखनी चाहिए, लेकिन आज आम लोगों की दुर्गति हो गयी है। मंहगाई और बेरोजगारी लोगों को सही से सांस भी लेने नहीं दे रही है। अडानी-अंबानी दिन पर दिन अमीर होते जा रहे हैं और देश के गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। आज आम आदमी को हजार दो हजार कमाना मुश्किल हो गया। आपके सीएम को जेल में डाल दिया है। अगर खुद ईमानदार होते, तो इलेक्ट्रोल बांड की बात क्यों छिपाई।कोविड के टीके लगवाये। वैक्सिन की सीसी में तस्वीर छपवाई, लेकिन सही चीज पकड़ आयी, तो तस्वीर हटवा ली। न जाने इन टीकों के साइड इफेक्ट से कितनों की जानें गयी। उन्होंने कहा कि मोदी जी अमीरों के प्रति ही निछावर हैं। गरीबों और आम आदमी इनके लिए कोई मायने नहीं रखता है।अब आप सोंचे कि आपको किस तरह की सरकार चाहिए, जो बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराये, महंगाई पर काबू करे। किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी दे। महिलाओं के लिए प्रति वर्ष एक लाख रुपये की गारंटी होगी।





इस मौके पर सीएम चंपाई सोरेन, कल्पना सोरेन समेत कई मंत्री व कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थी। चुनावी सभा में काफी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए थे।





इस अवसर पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता, राज्यसभा सांसद डॉ.महुआ माजी, शहजादा अनवर, माले विधायक विनोद सिंह, खूंटी के प्रत्याशी कालीचरण मुंडा, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप, विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व विधायक गीताश्री उरांव सहित इंडिया गठबंधन के नेतागण व काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।