रांची।बहुचर्चित मनरेगा घोटाले में मनी लांड्रिंग के मामले में गिरफ्तार पूर्व खान सचिव निलंबित आईएएस पूजा सिंघल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई की है।ईडी ने पूजा सिंघल की 82.77 करोड़ की चार अचल संपत्ति अस्थाई रूप से जब्त किया है।इनमें राजधानी रांची के बरियातू रोड स्थित पल्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल,पल्स डाग्नोस्टिक एंड इमेजिंग सेंटर और दो भूखंड शामिल हैं।एजेंसी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।





मनी लांड्रिंग की जांच हुई हुई थी शुरू





ईडी ने झारखंड पुलिस और सतर्कता ब्यूरो झारखंड द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर मनी लान्ड्रिंग की जांच शुरू की थी।जांच में पता चला कि कमीशन के रूप में मनरेगा घोटाले से उत्पन्न अपराध की कार्यवाही (POC) पूजा सिंघल और उसके रिश्तेदारों के विभिन्न बैंक खातों में जमा की गई थी।ईडी के मुताबिक शुरू में POC सिर्फ मनरेगा घोटाले से जमा हुआ था।





11 मई को ईडी ने किया था गिरफ्तार





ईडी ने बताया कि मनरेगा से उत्तपन्न पीओसी को पूजा सिंघल के भ्रष्ट आचरण से जमा हुए बेहिसाब धन के साथ मिला दिया गया और इस धन को पूंजी/निवेश के रूप में लगाया गया था। पूजा सिंघल 2000 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें मनरेगा योजना में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन के आरोप में 11 मई को ईडी ने गिरफ्तार किया था।





कारोबारी पति के यहां भी पड़ा था छापा





ईडी ने पूजा सिंघल के परिसरों के अलावा उनके कारोबारी पति और एक चार्टर्ड एकाउंटेंट के यहां भी छापा मारा था। इस मामले में पूजा सिंघल समेत गिरफ्तार तीनों व्यक्ति फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।