रांची।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ शुरू कर दी है।सबसे बड़ी बात ये है कि सूबे की राजधानी रांची में एयरपोर्ट रोड हिनू स्थित ईडी के जोनल ऑफिस में सीएम सोरेन से लगभग दस घंटे ज्यादा पूछताछ हुई वो कभी पूर्व मंत्री और कोलिबेरा सिमडेगा के पूर्व विधायक एनोस एक्का का आलिशान बंगला है।एनोस एक्का ने बंगले को लगभग 2.23 करोड़ से अधिक रुपए खर्च करके बनवाया था।एनोस एक्का मनी लॉन्ड्रिंग और हत्या के एक मामले में जेल बंद हैं।
एनोस एक्का ने हिनू में बनाया था आलिशान बंगला
स्थानीय लोगों और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सिमडेगा के कोलिबेरा विधानसभा से झारखंड पार्टी के पूर्व विधायक एनोस एक्का वर्ष 2006 से लेकर 2008 तक पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।नाम न छापने की शर्त पर एक स्थानीय निवासी ने बताया कि पूर्व मंत्री एनोस एक्का ने राजधानी रांची के पॉश इलाके में शुमार हिनू में 64, 63,000 रुपए में जमीन खरीदी थी और इस बंगले को बनाने में 2.23 करोड़ रुपए खर्च किए।
एनोस एक्का के आलिशान बंगले में ईडी का जोनल ऑफिस
सूत्रों के मुताबिक ईडी ने 28 सितंबर 2018 को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में एनोस एक्का के हिनू स्थित इस आलीशान बंगले के साथ ही चार अन्य अचल संपत्तियों को भी जब्त किया था। उस समय जब्त की गई अचल संपत्तियों में हिनू के बंगले के अलावा, रांची स्थित हरिओम टावर, श्रीराम रेजिडेंसी में दो फ्लैट के साथ ही सिरमटोली और ओरमांझी की जमीन भी शामिल थी।ईडी ने एनोस एक्का की इन संपत्तियों को जब्त करने के बाद सरकारी संपत्ति घोषित कर दिया और उसके बाद से ही एनोस एक्का के पुराने आलिशान बंगला में आज ईडी का जोनल ऑफिस है।
अब सीएम सोरेन से पूछताछ
ईडी ने समन जारी कर सीएम सोरेन को गुरुवार 17 नवंबर की दोपहर 12.30 बजे पूछताछ के लिए अपने उसी जोनल ऑफिस में बुलाया जो कभी एनोस एक्का का आलिशान बंगला था।सीएम सोरेन अपनी काले रंग की कार से अकेले ही ईडी ऑफिस पहुंचे। इससे पहले सीएम सोरेन पुलिस बेरिकेडिंग के पास ही अपने काफिले को रुकवा दिया था।





