प्रतिनिधि,चतरा। कर्पूरी ठाकुर भवन इंडोर स्टेडियम में एक दिवसीय आमंत्रण ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त अबु इमरान ने दीप प्रज्वलन कर किया।कार्यक्रम से पूर्व मौके पर उपस्थित छात्रों ने उपायुक्त को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आयोजकों, अभिभावकों और बच्चों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, पर्यटन और खेल को बढ़ावा देना है,जिसके तहत जिले में विभिन्न खेलों में बहुत सारे कार्य किये जा रहे हैं। कर्पूरी ठाकुर भवन व इंडोर स्टेडियम का कायाकल्प उसी परिधि में किये गए कार्यों का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि जिले में मौजूद असीमित कला और हुनर को एक मंच प्रदान किया जा रहा है और उसे उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रेषित करने के लिए प्रशासन प्रयासरत है। कहा कि उन्हीं प्रयासों में से शतरंज प्रतियोगिता का आज का आयोजन है। मौजूद सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रौशन करने की बात कही।स्विस लीग पद्धति के तहत आयोजित इस एक दिवसीय आमंत्रण ओपन शतरंज प्रतियोगिता में अंडर 11 एवं अंडर 15 वर्ग में 48 प्रतिभागी शामिल हुए। इस प्रतियोगिता के विजेता की घोषणा देर शाम तक किए जाने की संभावना है।इस मौके पर चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज़ अंसारी, अभिभावक व अन्य उपस्थित थे।





