प्रतिनिधि,जमशेदपुर।जनवितरण प्रणाली व्यवस्था को और दुरूस्त करने लाभुकों को सही समय पर खाद्यान्न मिल रहा है या नहीं तथा उनकी अन्य समस्याओं से अवगत होने के उद्देश्य से जिले की उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर मंगलवार कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी पणन पदाधिकारी सुमित प्रकाश, संतोष महतो, निशा कुमारी और ज्योति कुमारी द्वारा शहरी क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।





इस दौरान घाघीडीह पूर्वी, हरहरगुट्टू, उत्तरी घाघीडीह, परसुडीह व सरजामदा और गोलमुरी स्थित पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को जरूरी निर्देश दिए गए। जांच के क्रम में सभी को दुकानों को पिंक रंग से रंगने, दुकान के बाहर लाभुकों की सूची लगाने, सूचना पट्ट में फोर्टिफाइड चावल को लेकर जागरूकता, जनशिकायत पंजी रखने, मुफ्त राशन वितरण की जानकारी प्रदर्शित करने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही जांच के क्रम में जनवरी तक का खाद्यान्न वितरण 21 फरवरी तक हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। जबकि मौके पर लाभुकों से फीडबैक भी लिया जा रहा कि उन्हें ससमय और उचित मात्रा में खाद्यान्न मिल रहा या नहीं। माप तौल मशीन का ईपॉश मशीन से कनेक्शन है या नहीं यह भी जांचा गया। ताकि सही मात्रा में अनाज मिले। अपवाद से अनाज का उठाव समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मृत या फिर स्थानांतरित लाभुक का नाम राशन कार्ड से हटाने में प्रगति, अपवाद में राशन उठाने वाले लाभुकों का सत्यापन करना, सभी लाभुकों का आधार सीडिंग (मुखिया का आधार सीडेड है पर अन्य सदस्यों को नहीं होने की स्थिति में) तथा अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही।





इसी क्रम में जुगसलाई क्षेत्र के पीडीएस डीलर सुरेन्द्र कुमार के दुकान की जांच में भौतिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई। जिसके बाद एक माह के अंदर पूरे दुकान के छत की मरम्मती, फ्लोर का प्लास्टरिंग के साथ रंग रोगन का निर्देश भी दिया गया। पीडीएस डीलर श्यामाकांत मिश्रा एवं रत्नेश कुमार का स्टॉक पंजी संधारण उचित फॉर्मेट में नहीं पाया गया। उन्हें सुधार का निर्देश देते हुए दोबारा गलती पाए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।