उपायुक्त ने जनता दरबार के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं





जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन यथा शीघ्र हो:उपायुक्त





प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान ने जनता दरबार के माध्यम से समस्याओं को लेकर मिलने आए आमजनों की समस्याएं सुनी। उन्होंने आमजनों की समस्याओं से जुड़े आवेदनों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को त्वरित गति से मामले का नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।





जांगी पंचायत के रहने वाले ग्रामीण व्यक्ति ने बताया कि मेरे पास रहने के लिए घर नहीं है। बरसात में खाना बनाने में भी दिक्कतों का समाना करना पड़ता है। मेरे द्वारा क्षेत्र के मुखिया एवं वार्ड सदस्य को कई बार अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया। महाशय जब भी उनसे मिलने जाता हूं तो उनके द्वारा आज कल के नाम पर टाल मटोल किया जाता है। जबकि मुखिया और वार्ड सदस्य द्वारा निरीक्षण भी किया जा चुका है। महाशय कई साल हो गए हैं फिर भी मुझे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। कृपया कर संबंधित विभाग को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया जाय।वहीं दूसरा मामला छात्रवृत्ति योजना से संबंधित है,जिसमें लाला प्रीतम बीएड कॉलेज एवं चतरा महाविद्यालय चतरा के प्रशिक्षु शिक्षक व शिक्षिकाएं ने उपायुक्त से मिलकर बताया कि हम लोग को 2021-2022 एवं 2022 - 2023 की छात्रवृत्ति ई- कल्याण द्वारा प्राप्त नहीं हुआ है।इससे संबंधित जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसी प्रकार अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित मामले, राशन कार्ड, भूमि विवाद, आवास, समेत अन्य मामले शामिल थे।





उपायुक्त ने मिलने आए सभी आमजनों के आवेदनों का अवलोकन करते हुए भरोसा दिलाया की जल्द से जल्द नियमानुसार मामले का निष्पादन किया जाएगा। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को कहा कि यह सुनिश्चित करें कि जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन यथा शीघ्र हो। जनता दरबार में जिले के दूर दराज क्षेत्रों से ग्रामीण एवं आमजन उम्मीद के साथ मिलने आते हैं।उक्त मौके पर डीआरडीए निदेशक अरुण कुमार एक्का, आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी, जिला नजारत उप समाहर्ता अमरदीप बलहोत्रा समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।ज्ञात हो कि सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से 1 बजे अपराह्न तक समाहरणालय में उपायुक्त द्वारा जनता दरबार के माध्यम से आम जनों की समस्याएं सुन उनका निराकरण किया जाता है।