प्रतिनिधि,गिरिडीह। समाहरणालय परिसर में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने गुरुवार को रक्तदान जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान उपायुक्त ने सभी को स्वैच्छिक रक्तदान करने हेतु प्रोत्साहित किया।
इस संबंध में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि किसी के जीवन को बचाने के लिये रक्तदान करना सबसे महत्वपूर्ण दान है। इसलिए जो लोग रक्तदान करने में सक्षम हैं और स्वस्थ हैं उन्हें रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने आमजनों से रक्तदान की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान काम है और हमारी समृद्ध संस्कृति और सेवा और सहयोग की परंपरा का हिस्सा है। रक्तदान से न केवल राष्ट्रीय आवश्यकता पूरी होती है बल्कि यह समाज एवं मानवता प्रति एक बड़ी सेवा भी है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा दिए गए रक्त से कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है।इस पुनीत कार्य में सभी को जुड़कर रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया।





