गिरिडीह।झारखंड के गिरिडीह जिले में मछलियों से लदी एक पिकअप वैन रोड पर पलट गई।इसके बाद मछलियां लूट ली गईं।आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया और चालक से घूस मांगा।डुमरी थाना प्रभारी और आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि निलंबन की कार्रवाई एसपी अमित रेणु के आदेश पर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के मोतीहारी जिले के हरसिद्ध निवासी जितेन्द्र यादव ने गिरिडीह एसपी से शिकायत कर कहा है कि वह 26 जनवरी को बंगाल से 10 क्विंटल मछली लोड कर मोतीहारी जा रहा था। 27 जनवरी की सुबह जब वह कुलगो टोल प्लाजा को पार कर रहा था तो उसी दौरान एक ट्रक से बचने के चक्कर में उसका पिकअप वाहन पलट गया। इससे कुछ मछलियां सड़क पर बिखर गईं।आरोप है कि लगभग दो क्विंटल मछलियाें को मौके पर लोगों ने लूट लिया।इस मामले की जानकारी पुलिस को दी।सूचना पर कुछ देर बाद डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची और मछली लदे वाहन को थाने ले गई। उसमें कुछ मछलियां भी थीं।
जितेंद्र ने बताया कि उसने पुलिस से कहा कि इन मछलियों को दूसरे वाहन से ले जाते हैं,लेकिन उन्होंने नहीं सुनी।इसके बाद जब गाड़ी छुड़वाने थाने पहुंचे तो देखा कि उसमें से सभी मछलियां गायब थीं।आरोप है कि पुलिस ने वाहन छोड़ने की एवज में 10 हजार रुपए की मांग भी की।
जितेन्द्र यादव का कहना है कि जब रुपए नहीं होने की बात कही तो एक खाता नंबर देकर रुपए भेजने की बात कही।जितेंद्र ने कहा कि इसके बाद उस अकाउंट नंबर पर फोन पे से 6 हजार रुपए भेज दिए,लेकिन थाना प्रभारी ने और रुपए की मांग कर दी और धमकी दी कि यदि रुयए नहीं दिए तो वाहन नहीं छोड़ा जाएगा।उन्होंने मुझे और खलासी को गाली गलौज करके थाने से भगा दिया।वहीं इस मामले में थाना प्रभारी गोपाल कुमार महतो ने कहा कि आरोप निराधार हैं।पुलिस जब वहां पहुंची तो एक भी मछली नहीं थी न ही हमने उनसे कोई रुपए मांगे हैं।
मामला संज्ञान में आया तो गिरिडीह एसपी अमित रेणु ने आरोपों को गंभीरता से लिया और डुमरी थाना प्रभारी एवं आरक्षी को निलंबित कर दिया।मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।





