एग्रोटेक किसान मेला में राज्यपाल ने प्रगतिशील कृषकों को किया सम्मानित
वैज्ञानिक अपने अनुसंधान व शोध को किसानों तक पहुंचाएं:सीपी राधाकृष्णन
विशेष संवाददाता,रांची। राज्यपाल-सह-झारखंड राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय रांची द्वारा आयोजित एग्रोटेक किसान मेला-2024 को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा कृषि से गहरा संबंध रहा है।मैंने भी खेती की है और मेरे दादा जी एवं पिताजी भी खेती किए हैं।मेरा पूरा परिवार कृषि से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि वे किसानों की समस्याओं व चुनौतियों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों को अपने अनुसंधान व शोध को किसानों के बीच पहुंचाना चाहिए।
राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड राज्य सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि उन्हें स्मरण है कि विगत दिनों एक आम महोत्सव में भाग लिया था, जिसमें एक साथ कई प्रजाति के आम थे। इतने प्रजाति के आम इससे पूर्व कभी नहीं देखे थे। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने समाचार पत्र में जापानी आम के बारे में पढ़ा। एक आम की कीमत 30 हजार बताया जाता है। राज्यपाल ने कहा कि उनके द्वारा बिरसा कृषि विश्वविद्यालय को ऐसे प्रजाति के आम विकसित करने हेतु कहा। यदि एक आम की कीमत 300 भी हो तो किसानों की आय तिगुनी तक हो जाएगी।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने और उनके कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।पीएम किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना देशभर के किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को एक पेंशन है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया। जब किसान विकसित होंगे तो देश उन्नत होगा।राज्यपाल ने उक्त अवसर पर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।





