जमशेदपुर।झारखंड के जमशेदपुर में बीते 6 नवंबर को साकची थाना अंतर्गत राजेंद्र विद्यालय के पास स्थित केनरा बैंक के एटीएम में रुपए निकालते समय कार्ड फंसने और जिसके दो घंटे के बाद अवैध रूप से तीन लाख रुपए की निकासी होने के मामले में बैंक मैनेजर रंजीत बनर्जी और एटीएम इंचार्ज मनीष प्रफुल्ल के खिलाफ थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।वहीं बागबेड़ा बड़ौदा घाट निवासी सह टिनप्लेट कंपनी में मैकेनिकल के पद पर कार्यरत संतोष कुमार शर्मा के साथ घटना घटी थी। वे सुबह 9.20 बजे अपने एटीएम कार्ड से रुपए की निकासी करने के लिए पहुंचे थे।





मामले में संतोष शर्मा ने बताया कि घटना के दिन वे सुबह 9.20 बजे साकची राजेंद्र विद्यालय के पास स्थित केनरा बैंक के एटीएम से रुपए की निकासी करने के लिए पहुंचे थे।उन्हें 5000 रुपए निकालना था।सभी प्रक्रियाओं को पूरी करने के बाद भी रुपए नहीं निकला और ना ही एटीएम कार्ड ही बाहर आया। इस दौरान कुछ लोग उनके पीछे खड़े हुए थे और उनमें से एक ने कहा कि बगल में केनरा बैंक है और हो सकता है वहां के कर्मचारी आपकी समस्या का समाधान कर दे।जिसके बाद संतोष बैंक चले गए।इस बीच एक मिनट में ही उनके एटीएम कार्ड से 3 लाख रुपए की निकासी होने का मैसेज मोबाइल पर आया।





संतोष ने बताया कि जब वे एक मिनट के बाद कैनरा बैंक एटीएम पहुंचे तो देखा कि एटीएम मशीन भी गायब है और वहां पर खड़े लोग भी नहीं थे।जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी थाने में जाकर दी।सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की।जबकि रुपए निकासी के बाद जब संतोष शर्मा मैनेजर रंजीत बनर्जी से मिलने गए तो उन्होंने कहा कि यह मामला एटीएम इंचार्ज के जिम्मे है।दोनों अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से लेकर समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर अंततः भुक्तभोगी ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।