प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कोल्हान के एक मात्र सरकारी अस्पताल एमजीएम में छेड़खानी और चोरी की घटनाएं आम हो चली है। वहीं मंगलवार अस्पताल के इमरजेंसी विभाग विद नंबर 41 में इलाजरत महिला मरीज से छेड़खानी करते युवक को अन्य मरीजों ने पकड़कर होमगार्ड जवानों के हवाले कर दिया। इस दौरान उसकी पिटाई भी की गई। जिससे कुछ देर के लिए अस्पताल में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिसके बाद आरोपी युवक को होमगार्ड जवान सहायता शिविर लेकर चले गए। जिसके बाद मामले की सूचना साकची थाने को दी गई।
सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। आरोपी युवक निवारन मंडल पटमदा भुईयां सीनान का रहने वाला बताया जा रहा है। साथ ही पकड़े जाने के बाद उसने खुद को अस्पताल से चलने वाले मोक्ष वाहन का चालक बताया। मगर जब एनओसी फाउंडेशन द्वारा संचालित मोक्ष वाहन कि इंचार्ज प्रीति नायक से उसके बारे में होमगार्ड जवानों ने जानकारी ली तो उन्होंने उसके चालक होने से इंकार कर दिया। पुलिस आरोपी युवक से थाने में पूछताछ कर रही है। फिलहाल मरीज के परिजनों द्वारा घटना की लिखित शिकायत थाने में नहीं की गई है।





