प्रतिनिधि,जमशेदपुर। साकची थाना अंतर्गत एमजीएम अस्पताल में आए दिन मोबाइल चोरी की घटना घटती रहती है। शनिवार को भी एक ऐसी ही घटना घटी।जिसके तहत सीतारामडेरा देवनगर कस्तूरबा आश्रम कोढ़िया बस्ती निवासी आरोपी राजू मार्डी ने सबसे पहले अस्पताल के नीकू पीकू विभाग से कीपैड मोबाइल की चोरी की। जिसके बाद उसने इमरजेंसी से पावर बैंक की भी चोरी की। वहीं आरोपी ने बाहर खड़े अपने साथी सीतारामडेरा बाराद्वारी गांधी आश्रम निवासी नंदू सरदार को बारी बारी से दोनों रखने के लिए दे दिया। जिसके बाद वह पुनः इमरजेंसी विभाग में जाकर मोबाइल चोरी करने की कोशिश की।
इस दौरान मोबाइल धारक ने उसे रंगे हाथों पकड़ा। जिससे छुड़ाकर भागने के दौरान उसके शर्ट की बटन भी टूट गई। मगर अस्पताल के कर्मचारी ने उसे पकड़कर होमगार्ड जवानों के सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद होमगार्ड शिविर में ले जाकर पूछताछ करने पर उसने बाहर खड़े अपने साथी के बारे में भी बताया। जिसपर होमगार्ड जवान उसे साथ लेकर गए और बाहर खड़े साथी की पहचान कर उसे भी खदेड़कर धर दबोचा। साथ ही होमगार्ड जवानों ने घटना की सूचना संबंधित थाने को दी। सूचना पाकर पीसीआर वैन की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।इस दौरान पुलिस ने दोनों के पास से चोरी किया हुआ पावर बैंक और कीपैड मोबाइल समेत एक अन्य मोबाइल भी बरामद किया है।
मामले में बताया जा रहा है कि अस्पताल के नीकू पीकू विभाग में मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी प्रीति कुमारी अपने बच्चे का इलाज करवा रही है। शनिवार की सुबह वह कीपैड मोबाइल को झोले में रखकर अपने बच्चे को सूई दिलवाने के लिए गई थी। वापस आकर देखा तो झोले से मोबाइल गायब था। इसी तरह अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में इलाजरत चांडिल निवासी धनंजय कुम्हार का बेटा सरत कुम्हार कुछ जरूरी दवाई लाने के लिए पिता के बेड पर पावर बैंक रखकर चला गया और जहां से वापस आने पर उसने उसे गायब पाया। जबकि इमरजेंसी विभाग बेड नंबर 20 में इलाजरत कुणाल कुमार सिंह अपने एक मोबाइल से ईमेल कर रहा था। जबकि दूसरे मोबाइल को तकिए के पास रखा हुआ था। इस बीच आरोपी राजू मार्डी पीछे से मोबाइल चुराने की कोशिश करने लगा। मगर कुणाल ने उसका हाथ देखकर उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने बगल वाले बेड के मरीज के साथ खुद के रहने की बात कहकर उसे बरगलाने लगा। मगर उसकी एक ना चली। जिसके बाद वह कुणाल से शर्ट छुड़ाकर भागने लगा। मगर वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। पकड़ाने के बाद राजू मार्डी ने कुछ दिन पहले अस्पताल से मोबाइल चोरी करने की घटना की बात स्वीकार की। साथ ही उसने बताया कि वह चोरी के आरोप में साकची थाने से जेल गया था। जहां से वह रविवार जमानत पर बाहर आया है। फिलहाल पुलिस दोनों से थाने में पूछताछ कर रही है।





