ऑल इंडिया पोस्टल,आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक आयोजित





सीजीएचएस को आयुष्मान योजना के साथ लिंक करने के निर्णय का विरोध





‌वरीय संवाददाता,रांची।जीपीओ में ऑल इंडिया पोस्टल,आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड की बैठक केडी राय की अध्यक्षता में हुई।बैठक में सीजीएचएस को अनिवार्य रूप से आयुष्मान के साथ लिंक किए जाने के सरकारी निर्णय का विरोध करते हुए कहा गया कि ये सीजीएचएस के लाभार्थियों के साथ अन्याय है।आयुष्मान में इलाज की सीमा 5 लाख है और सीजीएचएस लाभार्थियों के इलाज के लिए सीजीएचएस में ऐसी कोई सीमा निर्धारित नहीं है। सीजीएचएस के लाभार्थियों ने सीजीएचएस में एक मुश्त राशि जमा कर स्वयं को इस व्यवस्था से जोड़ा है और इसका लाभ ले रहे हैं,लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय इस व्यवस्था को ध्वस्त कर सीजीएचएस के लाभार्थियों को बीपीएल की श्रेणी में लाना चाहती है, ताकि आने वाले दिनों में सीजीएचएस जैसी स्वास्थ्य व्यवस्था का निजीकरण किया जा सके और केंद्रीय कर्मचारियों एवं केंद्रीय पेंशनर्स को निजी अस्पतालों के रहम ओ करम पर छोड़ दिया जाय। एसोसिएशन इसका विरोध करता है और सरकार से मांग करता है कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 28 मार्च 2024 को जारी आदेश को अविलंब वापस लिया जाय।





पोस्टमैन और मेलगार्ड के जनवरी 1996 के बकाया भुगतान को लेकर चिंता व्यक्त की गई और निर्णय लिया गया कि मई के अंत में मुख्य डाक महाध्यक्ष कार्यालय के सामने राज्यस्तरीय भूख हड़ताल की जाएगी। 12 मई को धनबाद में राज्य कार्यकारिणी की बैठक आहूत की गई है,जिसमें रांची,गुमला,सिमडेगा,हजारीबाग,गिरिडीह,पलामू,दुमका,जमशेदपुर,बोकारो सहित धनबाद के प्रतिनिधि भाग लेंगे।बैठक को साधन सिन्हा,एमजेड ख़ान,गौतम विश्वास, बीके चौधरी , केडी रॉय ने संबोधित किया।





एसोसिएशन की लाइफ मेंबरशिप ग्रहण की





साधन सिन्हा,केडी रॉय, बी बारा,हसीना तिग्गा,त्रिलोकी नाथ साहू, एमजेड ख़ान,विमल किशोर,रमेश दुबे ने एसोसिशन की लाइफ मेंबरशिप ग्रहण की। अगस्त में सीएमसी की बैठक पूना में रखी गई है,जिसमें झारखंड के दो प्रतिनिधि भाग लेंगे।





बैठक में रंगनाथ पांडे,आरबी बैठा,अवधेश पाठक, इसहाक मिंज,मनरखन महतो,रामलखन सिंह, जेरोम कुजूर,संजय कुमार,जयराम प्रसाद,सहदेव प्रसाद साहू,लखना उरांव सहित अन्य उपस्थित थे।