प्रतिनिधि,जमशेदपुर। 12 अप्रैल 2021 को कदमा थाना अंतर्गत तीस्ता रोड में पत्नी, दो बेटी और ट्यूशन टीचर के हत्यारे आरोपी दीपक कुमार के अधिवक्ता अमित कुमार ने सोमवार जमशेदपुर सिविल कोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल की है। अधिवक्ता ने बताया कि उन्हें विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से यह मामला सौंपा गया है। साथ ही दीपक कुमार ने कहा था कि जमानत के लिए अदालत में अर्जी दी जाए। जिसमें एडीजे 4 राजेंद्र कुमार सिन्हा की अदालत मंगलवार को सुनवाई करेगी।





दीपक कुमार पर आरोप है कि उसने 12 अप्रैल 2021 को कदमा तिस्ता रोड स्थित घर पर अपनी पत्नी, दो बेटी और ट्यूशन टीचर की हथौड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी थी। साथ ही घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया था। जबकि घटना के 6 दिनों बाद 17 अप्रैल 2021 को जिला पुलिस की टीम ने उसे धनबाद से गिरफ्तार किया था। उस वक्त वह धनबाद पुलिस लाइन स्थित एचडीएफसी बैंक गया हुआ था। जहां टेक्निकल सेल की मदद से पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।





बताते चलें कि घटना के दिन दीपक ने अपने साथी रोशन को सुबह 9.30 बजे फोन कर खाने पर घर बुलाया था। जिसपर रोशन अपनी पत्नी आराध्या, एक साल की बच्ची और साले के साथ दोपहर 2.30 बजे उसके घर पहुंचा। शौच करने के कारण आराध्या अपनी एक साल की बच्ची को लेकर बाथरूम में गई थी। उसके साथ रोशन भी था। इसी बीच दोनों को चिल्लाने की आवाज आई। जिसके बाद जब रोशन कमरे में गया तो देखा कि दीपक हथौड़े से उसके साले पर हमला कर रहा है। इस दौरान बीच-बचाव करने पर उस पर भी हमला कर दिया। किसी तरह घायल अवस्था में सभी वहां से निकल कर भागे और चिल्ला चिल्ला कर घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। जिसके बाद रोशन साले का इलाज कराने के लिए पत्नी के साथ टीएमएच पहुंचा। जबकि हल्ला होने के बाद दीपक भी घर पर ताला बंद कर फरार हो गया। जिसके बाद पूरा मामला खुला। दीपक रोशन को अपनी बर्बादी का जिम्मेदार मानकर ही उसे मारना चाहता था। मगर इससे पहले दीपक ने अपनी पत्नी, दो बेटी और ट्यूशन टीचर की हत्या हथौड़े से मारकर कर दी थी।