प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सरायकेला खरसावां जिला के कपाली ओपी अंतर्गत रोड नंबर 15 मजार गली स्थित किराना दुकान के पास शुक्रवार की सुबह बालू लदी हुई तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से आजाद नगर जाकिर नगर रोड नंबर 15 अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास रहने वाला मो. नौशाद अहमद घायल हो गया। वहीं घायल को स्थानीय लोगों ने ऑटो की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने टीएमएच रेफर कर दिया। जहां वह इलाजरत है। घटना में उसके हाथ, पैर और पेट में गंभीर चोट आई है।
मामले में बताया जा रहा है कि घायल नौशाद बाइक से घर का सामान लेने के लिए किराने की दुकान पर आया था। अभी वह सामान लेकर बाइक पर बैठा ही था कि पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इस दौरान ट्रैक्टर का चक्का उसके हाथ समेत पेट के साइड वाले हिस्से में चढ़ गया। जबकि घटना को अंजाम देकर चालक ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश करने लगा। मगर लोगों ने उसे पकड़ लिया। चालक शराब के नशे में धुत था। जिसके बाद घटना की जानकारी कपाली ओपी को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। फिलहाल घायल युवक का इलाज टीएमएच में चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है





