झारखंड के लातेहार जिले में करमा विसर्जन के समय बड़ा हादसा हो गया।शनिवार को जिले के बालूमाथ प्रखंड में करम डाल का विसर्जन करने गईं सात लड़कियों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। हादसा शेरागड़ा पंचायत के बुकरू गांव के मननडीह स्थित तालाब में हुई। मृत लड़कियों में तीन सगी बहनें भी हैं।वहां पर मौजूद लोगों के मुताबिक गांव में भाई-बहन के प्रेम का पर्व करम मनाया जा रहा था।



दोपहर में 10 बच्चियों की टोली करम डाली का विसर्जन करने मननडीह गई थीं। इसी दौरान दो बच्चियां डूबने लगीं। शोर मचाने पर बाकी लड़कियों ने उनको बचाने की कोशिश की लेकिन गहराई अधिक होने के कारण पांच और लड़कियां भी डूब गईं। तालाब के किनारे खड़ी लड़कियों का शोर सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। इसके बाद डूबी लड़कियों को निकाला गया।



ग्रामीणों ने बताया कि चार लड़कियों की मौत घटनास्थल में ही हो गई थी जबकि तीन ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। लोगों ने बताया कि रेल लाइन बिछाने के लिए तालाब की मिट्टी खोदी गई थी जिससे किनारे पर ही वह और गहरा हो गया था। इस हादसे के बाद बुकरू में कोहराम मच गया। जो जहां था वहीं से तालाब की ओर दौड़ पड़ा। घटनास्थल पर ग्रामीणों के विलाप से माहौल अत्यंत गमगीन हो गया। हादसे में अकलू गंझू की तीन बेटियों रेखा, रीना और लक्ष्मी की मौत हुई है। रेखा इंटर की छात्रा थी जबकि बाकी लड़कियां भी पढ़ाई करती थीं। ये तीनों सगी बहने थी। तीनों लड़कियां भी अन्य लड़कियों के साथ करम डाली का विसर्जन करने के लिए तालाब गई थी। रेखा इंटर की छात्रा थी।



तालाब में डूबने से इनकी हुई मौत



18 वर्षीय रेखा कुमारी,16 वर्षीय रीना कुमारी, 12 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी, 12 वर्षीय सुषमा कुमारी,17 वर्षीय पिंकी कुमारी, 20 वर्षीय सुनीता कुमारी,12 वर्षीय बसन्ती कुमारी।