प्रतिनिधि,पोटका। प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पोटका में शुक्रवार को लोकतांत्रिक ढंग से विद्यालय के बाल संसद का चुनाव कराया गया। 50 सदस्यीय टीम के चुनाव हेतु विद्यालय के कक्षाओं में चार बूथ बनाए गए थे। बूथों पर कक्षा 6 से 12 तक की छात्राएं ही पीठासीन पदाधिकारी, सहायक, व बैलेट पेपर देने हेतु तैनात थी। मतदान में छात्राएं, विद्यालय के सभी स्टाफ व अतिथि मतदाता बनकर मतदान किया। मतदान दो घंटे तक चला। 559 वोटरों में 527 वोटरों ने मतदान किया।





आमंत्रित अतिथि के रुप में पोटका थाना प्रभारी रबीन्द्र मुंडा ने भी मतदान किया। मतों की गिनती शनिवार को किया जाएगा। मतगणना के उपरांत 50 सदस्यीय चयनित सदस्यों में 22 मंत्रियों के मंत्रीमंडल का गठन भी लोकतांत्रिक पद्धति से किया जाएगा।मंत्रीमंडल में प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, उप स्वास्थ्य मंत्री, स्वच्छता मंत्री, उप स्वच्छता मंत्री सहित 22 मंत्रियों का टीम गठित होगा।





पूरे चुनाव प्रक्रिया पर विद्यालय की वार्डन ज्योति सागर ने कहा कि छात्राओं को प्रजातंत्र में चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देना उधेश्य है। छात्राएं मतदाता बनने से पूर्व चुनाव प्रक्रिया से रुबरु होंगे जो उन्हें भविष्य में उपयोगी होगा। आमंत्रित अतिथि बीडीओ निखील कच्छप ने केजीवीबी के पठन पाठन,अनुशासन और तमाम गतिविधियों की सराहना किया। कहा कि यह विद्यालय नेतरहाट और जवाहर नवोदय विद्यालय के समकक्ष कार्य कर रहा है।