वाराणसी।आध्यात्मिक नगरी काशी में देव दीपावली के लिए दीपावली से पहले ही अधिकतर होटल फुल हो चुके हैं।गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में जगह नही बची है।यहां तक की पर्यटन विभाग का सरकारी गेस्ट हाउस टूरिस्ट बंगलो भी बुक हो चुका है।
पर्यटन अधिकारी कृतिमान सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के उद्घाटन के बाद से ही पर्यटन व्यवसाय ने जोर पकड़ लिया है।कोरोना काल के कारण विदेशी पर्यटकों की आमद काफी कम हो गई।इसके बावजूद देशी पर्यटकों से ही होटल, गेस्ट हाउस अक्सर बुक होते रहे।उन्होंने बताया कि दो साल कोरोना काल के बाद इस बार और ज्यादा भीड़ काशी में होने की उम्मीद है।हालत यह है कि अभी से ही परेड कोठी, नदेसर और छावनी क्षेत्र के दर्जनों होटल बुक हो चुके हैं।
टूरिस्ट बंगलो में आफिस असिस्टेंट प्रिंस कुमार राजू ने बताया कि हर बार से इस बार ज्यादा भीड़ की सम्भावना है।परेड कोठी समेत शहर के अधिकतर होटल एक से आठ नवम्बर तक के लिए पहले से फुल है।होटल व्यवसाय पीक पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि टूरिस्ट बंगलो पहले से फुल हो चुका है।इस बार देशी के अलावा विदेशी मेहमानों के भी आगमन की सम्भावना ज्यादा है। दक्षिण भारतीय तीर्थयात्रियों की सख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।उधर, घाटों पर नाव, बजड़े आदि की बुकिंग अभी से फुल चल रही हैं।





