जमशेदपुर।झारखंड के जमशेदपुर में बागबेड़ा के पोस्तुनगर में 10 साल की बच्ची पर पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश करने का मामला सामने आया है।घटना में बच्ची बाल-बाल बच गई।आरोप बबलू महतो पर लगा है।घटना की शिकायत उसी दिन बागबेड़ा थाने में परिवार के लोगों ने की थी। बच्ची की मां का कहना है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को परिवार के लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।





बच्ची की मां ने बताया कि 20 अक्तूबर को उनकी बेटी स्कूल जा रही थी। इस बीच बबलू महतो ने उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया था। घटना के समय किसी तरह से वहां से भागकर स्कूल चली गई थी और इसकी जानकारी स्कूल में जाकर दी थी। इसके बाद मामला घर तक पहुंचा और फिर बागबेड़ा थाना में शिकायत दी गई।





बागबेड़ा थाना प्रभारी केके झा ने कहा कि महिला की लिखित शिकायत के बाद कार्रवाई की गयी है। यह आपसी विवाद का मामला है। महिला ने घटना के दिन ही थाना में आकर शिकायत की थी। पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।





परिजनों ने बताया कि आरोपी बबलू महतो उनका किराएदार था। किराया न देने पर उसे घर से निकाल दिया गया था।वह उसी का बदला बेटी से लेना चाहता है।पहले भी उसने घर के लोगों के साथ मारपीट की थी।आरोपी बबलू कहता है कि वह बच्ची की मां का पति है,जबकि उसकी पत्नी है। वह मकान पर कब्जा करने के लिए जबरन बच्ची की मां को पत्नी बता रहा है। उसकी साजिश में उसकी पत्नी बत्ती देवी, साला अप्पा राजू भी शामिल हैं। बबलू द्वारा बागबेड़ा इलाके में अवैध कारोबार किया जाता है। इसके लिए उसका थाने में आना-जाना है। उसके थाने में आने-जाने के चलते ही पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पहले भी उसने हमला कर सिर फोड़ दिया था।